ममता है बाघिन, राऊत बोले - चार राज्यों का चुनाव परिणाम तय करेगा देश का सियासी भविष्य

ममता है बाघिन, राऊत बोले - चार राज्यों का चुनाव परिणाम तय करेगा देश का सियासी भविष्य

Tejinder Singh
Update: 2021-04-01 13:54 GMT
ममता है बाघिन, राऊत बोले - चार राज्यों का चुनाव परिणाम तय करेगा देश का सियासी भविष्य

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना सांसद संजय राऊत ने कहा कि चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिमाण देश के राजनीति के भविष्य की दिशा तय करेंगे। गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में राऊत ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव नतीजे के बाद विपक्ष नया गठबंधन बनाकर क्या भूमिका अपनाएगा यह स्पष्ट हो सकेगा। राऊत ने कहा कि दक्षिण के राज्य केरल और तमिलनाडू के चुनाव नतीजों का अनुमान लगाया जा सकता है पर भाजपा शासित असम में कांग्रेस तगड़ी टक्कर दे रहा है। 

राऊत ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने पूरी ताकत ला दी है लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बाघिन के रूप में अकेले सब पर भारी पड़ गई हैं। राऊत ने कहा कि साल भर पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि महाभारत का युद्ध 21 दिन तक चला था। कोरोना का युद्ध 18 दिनों में खत्म हो जाएगा। लेकिन कोरोना की महामारी आज भी कायम है। कोरोना को हराया नहीं जा सका है लेकिन केंद्र की पूरी सरकार पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री बनर्जी को हराने के लिए नया महाभारत कर रही है।

मुख्यमंत्री बनर्जी की ओर से लोकतंत्र बचाने के लिए विपक्ष के नेताओं को लिखे पत्र के बारे में  राऊत ने कहा कि उन्होंने एक पहल की है। विपक्ष को मजबूत करने की दिशा में सभी लोगों को सोचना पड़ेगा। मुख्यमंत्री बनर्जी के पत्र को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की टिप्पणी पर राऊत ने कहा कि विपक्ष को नीचा दिखाना अच्छे लोकतंत्र का लक्षण नहीं है। उन्होंने नड्डा से कहा कि आप सत्ता में बने रहिए लेकिन यह भी कामना करिए कि विपक्ष मजबूत रह सके। इससे पहले नड्डा ने कहा था कि मुख्यमंत्री बनर्जी ने मान लिया है कि नाव डूब रही है। 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील के राज्य में कोरोना महामारी से निपटने के लिए लॉकडाउन उपाय नहीं होने वाले बयान पर राऊत ने कहा कि पाटील जो कह रहे हैं वह हमें भी मालूम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पता है फिर भी मोदी ने एक साल तक लॉकडाउन किया था। मोदी ने बहुत खुश होकर लॉकडाउन नहीं लगाया था। लॉकडाउन की जरूरत थी। राऊत ने कहा कि कोरोना महामारी पर विपक्ष को राजनीति नहीं करना चाहिए। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे की भूमिका प्रदेश के हित के लिए है। 

Tags:    

Similar News