आदमखोर तेंदुए ने दो बच्चों को उतारा मौत के घाट, वन विभाग का अलर्ट

आदमखोर तेंदुए ने दो बच्चों को उतारा मौत के घाट, वन विभाग का अलर्ट

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-08 07:47 GMT
आदमखोर तेंदुए ने दो बच्चों को उतारा मौत के घाट, वन विभाग का अलर्ट

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। तामिया के जंगल में आदमखोर हुए तेंदुए ने रविवार को दो हमले किए। जिसमें दो बच्चों को शिकार बनाया। पहली घटना ग्राम मोहलीमाता से लगे जंगल में दोपहर की है। यहां मां व बड़ी बहन के साथ लकड़ी बीनने गई 5 साल की बच्ची कल्पना पिता ब्रजेश कवरेती पर तेंदुए ने हमला कर दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उक्त घटना को समझने में वन अमला लगा ही हुआ था कि रात को दूसरी घटना सामने आ गई। ग्राम मोहलीमाता से महज चार किमी दूर बिजोरीपठार गांव में तेंदुए ने आंगन में खड़े बालक हर्षेत पिता अशोक टेकाम उम्र 10 वर्ष पर हमला कर दिया। उसे घसीटकर करीब 100 मीटर दूर ले गया। गांव वाले दौड़े तो तेंदुआ भाग निकला। तेंदुए के हमले से दोनों ही बच्चों की मौके पर मौत हो गई।
मां ने तेंदुए से किया संघर्ष पर बच्ची को नहीं बचा पाई
मां और अपनी बड़ी बहन के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गई पांच साल की मासूम कल्पना पर तेंदुए ने हमलाकर दिया। तेंदुए के मुंह से बच्ची की गर्दन छुड़ाने मां रोशनी ने संघर्ष करते हुए पत्थर मारा। तेंदुआ बच्ची को छोड़कर जैसे ही पीछे हटा, मां ने बच्ची को गले से लगाकर लगभग 100 मीटर दूर अपने घर के लिए दौड़ लगा दी, लेकिन वह अपनी बच्ची की जान नहीं बचा सकी। गले में गहरे घाव लगे होने की वजह से बच्ची की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इस दौरान तेंदुए ने महिला पर भी हमले का प्रयास किया।
विभाग में हड़कंप, देर रात शुरू की सर्चिंग
कुछ घंटों के अंतराल में तेंदुए के हमले की दो घटनाओं के बाद वन महकमे में हड़कंप सा मच गया। दोपहर में हुई घटना के बाद वन अधिकारियों ने अलर्ट जारी कर जांच शुरू की थी। वहीं रात करीब 8 बजे सामने आई दूसरी घटना के बाद जिला मुख्यालय से भी अधिकारी मौके पर रवाना हुए। देर रात ग्राम मोहलीमाता और बिजोरीपठार समेत आसपास गांवों में सर्चिंग शुरू की गई।
तीन बार दिखा वन्यजीव-
ग्रामीणों ने बताया कि कल्पना पर हमला करने के बाद तेंदुआ घटना स्थल के आसपास तीन बार दिखाई दिया। मोहलीमाता के जंगल में तेंदुए द्वारा लोगों पर हमले की पहली घटना बताई जा रही है। विभाग ने अलर्ट जारी कर लोगों को जंगल में न जाने की सलाह दी है।
क्या कहते हैं अधिकारी-
- मोहलीमाता और बिजोरी पठार में दो बच्चों पर हमला करने वाले वन्यजीव की तलाश में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। जिला मुख्यालय के साथ आसपास के वन परिक्षेत्रों से विभागीय टीम बुलाई गई है। पीडि़तों के मुआवजा प्रकरण तैयार किए जा रहे है।
-एसएस उद्दे, पूर्व वनमंडल, डीएफओ
- तामिया के छिंदी वनपरिक्षेत्र में हुए दो हादसों के बाद घटना स्थल से लगे सभी गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। ग्रामों में मुनादी कराई जा रही है कि वे घर से बाहर न निकले।
 - बीआर सिरसाम, एसडीओ

 

Similar News