शादी का प्रस्ताव ठुकराया तो सिरफिरे आशिक ने लड़की को मारा चाकू

शादी का प्रस्ताव ठुकराया तो सिरफिरे आशिक ने लड़की को मारा चाकू

Tejinder Singh
Update: 2018-01-05 14:10 GMT
शादी का प्रस्ताव ठुकराया तो सिरफिरे आशिक ने लड़की को मारा चाकू

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ठाणे के भाईंदर इलाके में एकतरफा प्रेम करने वाले 22 वर्षीय युवक को लड़की का शादी के प्रस्ताव से इंकार करना इतना नागवार गुजरा कि उसने चाकू से हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार आरोपी ने लड़की के सामने शादी का प्रस्ताव रखा जिसे उसने ठुकरा दिया। इससे नाराज आरोपी ने लड़की पर उस वक्त हमला किया जब वह अपनी मां के साथ स्कूल जा रही थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि लड़की स्कूली छात्रा है। 

लड़की की मां को दिया धक्का, फिर किया हमला

गिरफ्तार आरोपी का नाम विनोद कुमार कश्यप है। कश्यप भाईंदर पश्चिम के उसी इलाके में रहता है, जहां लड़की रहती है। लड़की का स्कूल भाईंदर पूर्व में है। गुरूवार को वह अपनी मां के साथ स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सबवे में आरोपी पहुंचा और लड़की की मां को धक्का देकर उस पर धारदार हथियार से कई वार करने के बाद फरार हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे रिक्शा चालक उमाशंकर यादव ने दोनों अस्पताल पहुंचाया। हालांकि जख्म गहरे होने के चलते लड़की को शताब्दी अस्पताल में भेज दिया गया।

अस्पताल में लड़की की हालत गंभीर

लड़की की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कश्यप मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और भाईंदर के ही एक स्टील कारखाने में काम करता है। आरोपी पिछले दो ढाई सालों से लड़की का पीछा कर रहा था। उसने लड़की के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा। इससे परेशान लड़की ने अपने परिवार वालों को मामले की जानकारी दी।

थाने में मामला दर्ज

लड़की के परिवार वालों ने आरोपी को बुलाकर उसे फटकार लगाई और लड़की से दूर रहने को कहा। इससे नाराज कश्यप ने लड़की पर हमला कर दिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से नौ दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। 

Similar News