आखिर क्यों राज्यमंत्री खोत नई पार्टी बनाने के लिए हुए मजबूर, जानिए वजह

आखिर क्यों राज्यमंत्री खोत नई पार्टी बनाने के लिए हुए मजबूर, जानिए वजह

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-08 06:28 GMT
आखिर क्यों राज्यमंत्री खोत नई पार्टी बनाने के लिए हुए मजबूर, जानिए वजह

डिजिटल डेस्क,मुंबई। स्वाभिमानी शेतकरी संगठन से निकाले जाने के बाद अब राज्य के कृषि व विपणन राज्यमंत्री सदाभाऊ खोत ने नई पार्टी बनाने की घोषणा की है। खोत ने कहा कि पार्टी किसानों और खेतिहर मजदूरों व श्रमिकों के लिए काम करेगी। खोत ने पार्टी का नाम, लोगो और नीति बनाने के लिए मसौदा समिति का गठन किया है। कोल्हापुर में मसौदा समिति की बैठक में 21 सितंबर को पार्टी के नाम का ऐलान किया जाएगा।  
गौरतलब है कि सदाभाऊ खोत 30 सितंबर को कोल्हापुर के इचलकरंजी में विशाल रैली के जरिए अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे। खोत ने यह साफ नहीं किया कि उनकी नई पार्टी चुनावी राजनीति में उतरेगी या नहीं। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के बारे में बाद में फैसला किया जाएगा। खोत ने अपने पुराने नेता स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष व सांसद राजू शेट्टी पर जमकर हमला बोला। खोत ने कहा कि नेतृत्व ने मुझे अपमानित करने का प्रयास किया। मुझ पर राज्य मंत्री पद से इस्तीफा देने को लेकर काफी दबाव बनाया गया, लेकिन मैं इसके लिए तैयार नहीं हुआ तो पार्टी से निकाल दिया गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटील और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रावसाहब दानवे का भरपूर साथ मिला।

सांसद शेट्टी से दोस्ती के सवाल पर खोत ने कहा कि राजनीति में कोई किसी का दोस्त भी होता है यह मुझे आज पता चला है। राज्य मंत्री खोत भाजपा के टिकट पर विधान परिषद सदस्य चुने गए हैं। शेट्टी की पार्टी का भाजपा से गठबंधन के कारण खोत को विधान परिषद की सीट मिली थी। हालांकि अब शेट्टी भाजपा अलग हो चुके हैं।

Similar News