मुंबई : गलत साबित हुई भारी बरसात की चेतावनी, लोकल ट्रेन के चक्कर में यात्री हुए परेशान

मुंबई : गलत साबित हुई भारी बरसात की चेतावनी, लोकल ट्रेन के चक्कर में यात्री हुए परेशान

Tejinder Singh
Update: 2019-07-03 14:23 GMT
मुंबई : गलत साबित हुई भारी बरसात की चेतावनी, लोकल ट्रेन के चक्कर में यात्री हुए परेशान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लगातार पांच दिन बरसात के बाद बुधवार को मुंबईकरों को बरसात से तो राहत मिली लेकिन रेलवे अधिकारियों के चलते उनकी यात्रा तकलीफदेह बनी रही। मौसम विभाग के बुधवार को भी भारी बरसात जारी रहने की चेतावनी के बाद सोमवार और मंगलवार को कई घंटों ठप रही मध्य रेलवे ने बुधवार को रविवार की समयसारिणी के मुताबिक कम गाड़ियां चलाने का फैसला किया। लेकिन बरसात न होने के चलते बड़ी संख्या में यात्री अपने गंतव्य तक जाने के लिए निकले नतीजतन स्टेशनों पर भारी भीड़ हो गई। आखिरकार दोपहर तक कई हादसों और यात्रियों की नाराजगी के बाद रेलवे ने सामान्य समयसारिणी के तहत लोकल ट्रेने चलाने का ऐलान किया।

लोकल ट्रेनों की संख्या में कमी के चलते कल्याण, डोंबिवली, ठाणे जैसे स्टेशनों में बुधवार सुबह यात्रियों की भारी भीड़ हो गई। इस दौरान गाड़ियां भी देरी से चल रहीं थीं। भारी भीड़ के चलते मुंब्रा-कलवा स्टेशनों के बीच तीन यात्री चलती लोकल ट्रेन से गिर पड़े। हादसे में घायल हुए तीनों यात्रियों नाजनीन शेख, नजीर शेख और निखिलेश कुबल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। नाजनीन शेख ने बताया कि मुंब्रा स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ थी। जो लोकल ट्रेन आई वह पूरी भरी हुई थी।

प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ देखते हुए उन्हें डर था कि वह अगली लोकल भी नहीं पकड़ जाएंगी इसीलिए उन्होंने लोकल में किसी तरह सवार होने की कोशिश की। लेकिन वह भीतर नहीं जा सकीं और यात्रियों के दबाव के चलते बीच रास्ते में वे गिर पड़ी। उन्होंने बताया कि गिरने के बाद वे बेहोश हो गईं और अस्पताल में इलाज के बाद ही उन्हें होश आया। इसके अलावा कांजुरमार्ग और विक्रोली स्टेशन के बीच महिला यात्रियों पर पत्थरबाजी की भी शिकायत मिली। वहीं स्टेशनों पर भारी भीड़ और हादसों की शिकायतें मिलने के बाद रेलवे अधिकारी सतर्क हुए और उन्होंने समान्य समय सारिणी के मुताबिक लोकल सेवाएं चलाने का ऐलान किया। 

Tags:    

Similar News