अब राजू शेट्टी ने महागठबंधन को दिखाई आंख, बोले- चार सीटें नहीं मिली तो रास्ते होंगे जुदा

अब राजू शेट्टी ने महागठबंधन को दिखाई आंख, बोले- चार सीटें नहीं मिली तो रास्ते होंगे जुदा

Tejinder Singh
Update: 2019-01-31 16:11 GMT
अब राजू शेट्टी ने महागठबंधन को दिखाई आंख, बोले- चार सीटें नहीं मिली तो रास्ते होंगे जुदा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना के बीच गठबंधन को लेकर बात नहीं बन पा रही है पर कांग्रेस-राकांपा के महागठबंधन को भी झटका लग रहा है। प्रकाश आंबेडकर व समाजवादी पार्टी के बाद अब राजू शेट्टी भी महागठबंधन से अलग होने की चेतावनी दी है। राज्य में कांग्रेस-राकांपा समान विचारधारा वाले दलों को एकजुट कर महागठबंधन बनाने में जुटी है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी एक सीट लोकसभा चाहते हैं और मांग पूरी न होने पर 10 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का एलान किया है। अब स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी इस बार एनडीए का साथ छोड़ कांग्रेस-राकांपा के साथ आ गए हैं। सांसद राजू शेट्टी चार सीट से कम पर समझौते के लिए तैयार नहीं हैं। शेट्टी ने कहा कि हमनें हातकणंले, माढा, वर्धा व बुलढाणा लोकसभा सीट की मांग की है। उन्होंने कहा कि गुरुवार से शुरु संसद के बजट सत्र की समाप्ति तक कांग्रेस के जवाब का इंतजार करेंगे। उसके बाद आगे की रणनीति तय करेंगे। सूत्रों के अनुसार शेट्टी कांग्रेस-राकांपा महागठबंधन से अलग होकर राज्य में छोटे दलों का तीसरा मोर्चा खड़ा कर सकते हैं।  

शेट्टी की नाराजगी कांग्रेस के रणनीतिकारों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। भाजपा से अनबन के बाद किसानों के नेता कहे जाने वाले राजू शेट्टी की हाल के दिनों में कांग्रेस से नजदीकियां बढ़ गई थी। ऐसे में शेट्टी के महागठबंधन में शामिल होने की पूरी संभावना जताई जा रही थी। दूसरी ओर भारतरत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाती प्रकाश आंबेडकर भी कांग्रेस गठबंधन में शामिल होने के लिए 12 सीट मांग रहे हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस यदि 12 सीट देती है तो महागठबंधन में शामिल होगें अन्यथा असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एमआईएम के साथ उनका समझौता हो चुका है।

अहमद पटेल से राज ठाकरे की बंद कमरे में मुलाकात

महाराष्ट्र की राजनीति में हाशिए पर गए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे भी महागठबंधन में अपनी जगह तलाश रहे हैं। बीते 27 जनवरी को राज ठाकरे के सुपुत्र अमित ठाकरे की शादी थी जिसमें राजनीतिक दिग्गज उपस्थित हुए थे। राज ठाकरे ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी न्योता दिया था। राहुल गांधी की तरफ से अहमद पटेल पहुंचे थे। सूत्रों का कहना है कि शादी के दौरान ही करीब 20 मिनट तक राज ठाकरे और अहमद पटेल के बीच बंद कमरे में चर्चा हुई। राकांपा राज ठाकरे को महागठबंधन में शामिल करना चाहती है लेकिन कांग्रेस राज ठाकरे के उत्तर भारतीय राजनीति को देखते हुए उनसे दूरी बनाए रखने में ही अपनी भलाई समझ रही है। कांग्रेस को डर है कि राज को साथ लिया तो उत्तर प्रदेश-बिहार में पार्टी के लिए जवाब देना मुश्किल हो जाएगा। 
 

Similar News