खाई में गिरा पिकअप वाहन, आग लगने से जिंदा जला चालक

खाई में गिरा पिकअप वाहन, आग लगने से जिंदा जला चालक

Bhaskar Hindi
Update: 2020-10-27 17:44 GMT
खाई में गिरा पिकअप वाहन, आग लगने से जिंदा जला चालक



डिजिटल डेस्क परासिया/छिंदवाड़ा। तामिया के लखनबाबा पहाड़ी के एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर एक पिकअप वाहन (छोटा हाथी) खाई में जा गिरा। लगभग 25 मीटर गहरी खाई में गिरने से वाहन में आग लग गई। सुहागपुर निवासी घायल वाहन चालक गाड़ी से बाहर नहीं आ पाया और आग में झुलसने से उसकी मौत हो गई। तलाश के दौरान रविवार को दुर्घटनाग्रस्त वाहन व चालक का शव घाटी में मिला। घटना बीती 21 अक्टूबर की बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि होशंगाबाद के सुहागपुर थाने में 62 वर्षीय सतीश शर्मा के परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। सतीश शर्मा बीती 21 अक्टूबर को पिकअप वाहन से छिंदवाड़ा आया था। यहां से वह वापस नहीं लौटा था। सुहागपुर पुलिस की सूचना पर तामिया पुलिस भी सतीश की पतासाजी में जुटी थी। इस दौरान तामिया पुलिस को लखन बाबा पहाड़ी में सड़क हादसे के कुछ साक्ष्य मिले। घाट से लगभग 25 मीटर की गहराई पर उतरने पर आग में जला हुआ वाहन और चालक का शव मिला। पुलिस संभावना जता रही है कि जंगल काफी घना होने की वजह से सड़क हादसा कोई देख नहीं सका होगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
घटनास्थल पर एक घोड़ा भी मृत मिला-
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर एक मृत घोड़ा भी मिला है। बताया जा रहा है कि सतीश शर्मा छिंदवाड़ा से अपने वाहन में घोड़ा लेकर वापस लौट रहा था। इस दौरान वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में घोड़े की भी मौत हो गई।
अज्ञात वाहन की टक्कर से राहगीर की मौत-
लावाघोघरी थाना क्षेत्र के घाटपीपला के समीप रविवार को किसी अज्ञात वाहन ने एक राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में घायल को जिला अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि 37 वर्षीय बलवंत पिता सुखदेव धुर्वे रविवार को घाटपीपला से पैदल बैतूल के लिए निकला था। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल बलवंत धुर्वे को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
- सिवनी के लखनादौन में पलटी कार, दो की मौत, दो गंभीर
सिवनी के लखनादौन के ग्राम बम्होड़ी के समीप सोमवार दोपहर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सवार छिंदवाड़ा के दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं दो लोगों को गंभीर चोटें आई है। घायलों को लखनादौन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लखनादौन पुलिस ने बताया कि सोमवार को जबलपुर से छिंदवाड़ा जा रही कार ग्राम बम्होड़ी के समीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पलटने के बाद काफी दूर तक घसटती गई। हादसे में कार सवार लालबाग निवासी 29 वर्षीय महेन्द्र पिता सीताराम सिंह ठाकुर, हिवरखेड़ी निवासी 25 वर्षीय बबली पिता शिवप्रसाद बर्मन की मौत हो गई। वहीं श्रृद्धा पति महेन्द्र सिंह ठाकुर (24), हिवरखेड़ी निवासी 30 वर्षीय हरीश वर्मा को गंभीर चोटें आई थी। डायल-100 से घायलों को लखनादौन सिविल अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच मेें लिया है।

Tags:    

Similar News