महाराष्ट्र में लागू होना चाहिए राष्ट्रपति शासन - रामदास आठवले 

महाराष्ट्र में लागू होना चाहिए राष्ट्रपति शासन - रामदास आठवले 

Tejinder Singh
Update: 2020-09-13 13:29 GMT
महाराष्ट्र में लागू होना चाहिए राष्ट्रपति शासन - रामदास आठवले 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आरपीआई अध्यक्ष तथा केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। रविवार को आठवले ने शिवसैनिकों द्वारा मारपीट के कारण जख्मी हुए नौसेना के पूर्व अधिकारी मदन शर्मा से मुलाकात की। आठवले ने कहा कि नौसेना के पूर्व अधिकारी से मारपीट करना उचित नहीं है। प्रदेश में कानून व व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। यदि शिवसेना इसी तरह से गुंडागर्दी करती रही तो राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करना चाहिए। आठवले ने कहा कि शर्मा के साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है। मैं शर्मा को न्याय दिलाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करूंगा। आठवले ने कहा कि शर्मा ने केवल एक व्हाट्सएप ग्रुप में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का एक कार्टून फॉरवर्ड किया था। इस कारण शिवसैनिकों ने शर्मा से मारपीट की। यदि शिवसैनिकों को आपत्ति थी तो उन्हें पुलिस के पास जाना चाहिए। आठवले ने दावा किया कि शर्मा ने कार्टून फॉरवर्ड करके कोई गलती नहीं की है। उन्होंने कहा कि शर्मा ने मुख्यमंत्री का सम्मान बढ़ाने के लिए कार्टून फॉरवर्ड किया था उस कार्टून में कुछ भी गलत नहीं है। आठवले ने कहा कि सरकार के दबाव के कारण पुलिस ने शर्मा पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ कमजोर धाराएं लगाई हैं। जिस कारण आरोपियों को जमानत मिल गई। आठवले ने कहा कि राज्य सरकार अभिनेत्री कंगना रनौत को ड्रग के मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है। सरकार ने कंगना के जांच के आदेश दिए हैं। लेकिन हम अन्याय सहन नहीं करेंगे। सरकार के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे।

वहीं पूर्व नौसेना अधिकारी शर्मा ने केंद्रीय राज्य मंत्री आठवले से प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है। शर्मा ने कहा कि प्रदेश की ठाकरे सरकार को बर्खास्त करके राष्ट्रपति शासन लागू किया जाना चाहिए। इसके बाद चुनाव करा करके जनता को नई सरकार चुनने का मौका देना चाहिए। शर्मा ने कहा कि राज्य में कानून व व्यवस्था की स्थिति देखकर न केवल महाराष्ट्र बलकि पूरे भारत के लोग परेशान हैं। पूरे देश से सरकार बदलने की मांग उठ रही है। शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री को लेकर बनाए गए कार्टून में कुछ गलत नहीं था फिर भी यदि सरकार को गलत लगता है तो उसे कार्टून बनाने वाले को पकड़ना चाहिए था। 

Tags:    

Similar News