वरिष्ठ पत्रकार दिनकर रायकर का निधन, मुंबई मनपा सदन नें दी विधायक सिंह को श्रद्धांजलि

मुंबई वरिष्ठ पत्रकार दिनकर रायकर का निधन, मुंबई मनपा सदन नें दी विधायक सिंह को श्रद्धांजलि

Tejinder Singh
Update: 2022-01-21 15:31 GMT
वरिष्ठ पत्रकार दिनकर रायकर का निधन, मुंबई मनपा सदन नें दी विधायक सिंह को श्रद्धांजलि

डिजिटल डेस्क, मुंबई। वरिष्ठ पत्रकार व मंत्रालय पत्रकार संघ के पूर्व अध्यक्ष दिनकर रायकर का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार तड़के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। 79 वर्षीय रायकर के निधन पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित गणमान्य जनों ने शोक जताया है। उनके परिवार में पत्नी, पुत्र और पुत्री हैं। रायकर के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी और वह डेंगू से भी जूझ रहे थे। वह पिछले कुछ सप्ताह से अपने घर में बिस्तर पर ही थे और कुछ दिन पहले ही उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके फेंफड़ों में संक्रमण 80 प्रतिशत तक पहुंच गया था और उसमें फिर कभी सुधार नहीं हुआ। रायकर ने अपने करियर की शुरूआत इंडियन एक्सप्रेस समूह के साथ की और बाद में वह लोकमत के औरंगाबाद संस्करण के संपादक बने। फिर वह लोकमत मीडिया समूह के समूह संपादक भी बने। रायकर के निधन पर शोक जताते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘‘उनके जाने से हमने पत्रकारिता के क्षेत्र में समाचार मूल्यों का योगदान देने वाला पत्रकार खो दिया है। उन्होंने युवा पत्रकारों को हमेशा नयी सामग्री और मुद्दे उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा, ‘‘वह सरल स्वभाव के, बेहद पढ़े लिखे पत्रकार और संपादक थे। बतौर संपादक उन्होंने हमेशा पाठकों को बेहतर सामग्री देने पर ध्यान दिया। उनके निधन से हमने समाज से जुड़ा एक अच्छा पत्रकार खो दिया है।’’

मुंबई मनपा सदन नें दी विधायक सिंह को श्रद्धांजलि
   
उधर भाजपा विधायक व उत्तर भारतीय संघ मुंबई के अध्यक्ष दिवंगत आरएन सिंह के निधन पर मुंबई महानगरपालिका सदन ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर के प्रस्ताव का मनपा विरोधी पक्ष नेता रविराजा ने अनुमोदन किया। कोरोना की तीसरी लहर के चलते मनपा सदन की कार्रवाई ऑनलाइन चल रही है। सिंह को मनपा की ऑनलाइन बैठक में श्रद्धांजलि दी गई।  सभी दलों के सदस्यों ने दो मिनट मौन रहकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की। महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य विधायक आरएन सिंह का बीते 2 जनवरी को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के उनके पैतृक गांव भरौली में हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया था। आरएन सिंह 1 जनवरी को अपना जन्मदिन मनाने अपने पैतृक गांव भरौली जनपद गोरखपुर गए थे। मनपा सदन में दी गई श्रद्धांजलि के बाद मुंबई की महापौर पेडणेकर ने कहा कि श्रद्धांजलि से संबंधित प्रति स्वर्गीय श्री सिंह के परिजनों को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में मनपा सदन शोक संतप्त परिवार के साथ है।
 
 

 

Tags:    

Similar News