सोशल मीडिया के जरिए सेक्स रैकेट चला रही महिला गिरफ्तार

सोशल मीडिया के जरिए सेक्स रैकेट चला रही महिला गिरफ्तार

Tejinder Singh
Update: 2019-08-11 13:27 GMT
सोशल मीडिया के जरिए सेक्स रैकेट चला रही महिला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सोशल मीडिया के जरिए हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट चला रही एक 56 वर्षीय महिला को मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। महिला के चंगुल से तीन लड़कियों को भी रिहा कराया गया है। महिला ग्राहकों को ह्वाट्सएप के जरिए लड़कियों की तस्वीरें भेजती थी और सौदा तय होने पर उन्हें अपने घर पर बुला लेती थी।

अपराध शाखा की यूनिट 11 को इस रैकेट की सूचना मिली तो इसकी पुष्टि के लिए नकली ग्राहक भेजे गए। इसके सौदेबाजी के बाद देह व्यापार की पुष्टि हुई तो पुलिस ने कांदिवली के चारकोप इलाके में रहने वाली महिला के फ्लैट में छापा मारा। छापेमारी के दौरान आरोपी महिला के साथ वहां तीन लड़कियां मिलीं। इसके अलावा आरोपी महिला के पास से 28 हजार रुपए और 12 मोबाइल भी बरामद किए गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला के मोबाइल की जांच की गई तो उसमें कई लड़कियों की तस्वीरें मिलीं जिन्हें सोशल मीडिया के जरिए अन्य लोगों को भेजी गईं थीं।

महिला ने शुरूआती पूछताछ में स्वीकार किया कि देह व्यापार के लिए मजबूर कई लड़कियों की उसके पास तस्वीरें हैं। वह अपने ग्राहकों को यह तस्वीरें भेजती थी। अगर किसी को लड़की पसंद आती थी तो उसे अपने घर में बुला लेती थी और वहीं बेडरूम में लड़की को ग्राहक के साथ भेज देती थी। लड़कियों को रिहा कर बाल सुधारगृह में भेज दिया गया है जबकि आरोपी महिला के खिलाफ आईपीसी और देह व्यापार रोकथाम के लिए बने संबंधित कानून की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच के लिए अपराध शाखा ने मामला चारकोप पुलिस के हवाले कर दिया है।   

Tags:    

Similar News