शर्मनाक हरकत : चरित्र पर था संदेह, नाबालिग लड़की का मुंडन कर बनाया वीडियो
शर्मनाक हरकत : चरित्र पर था संदेह, नाबालिग लड़की का मुंडन कर बनाया वीडियो
डिजिटल डेस्क, अमरावती। कुर्हा में मानवता उस वक्त शर्मसार होती दिखाई दी। जब एक नाबालिग के चरित्र पर संदेह करते हुए उसका मुंडन करवा दिया गया। मामला मंगलवार रात का बताया जा रहा है, जब नाबालिग अपने घर में सो रही थी। 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बस्ती के चार लोगों ने जबरन दुपहिया वाहन पर बिठाया और उसे धोत्रा जंगल ले गए। यहां कुछ लोगों ने किशोरी पर चरित्रहीन होने का आरोप लगाते हुए उसके हाथ-पैर बांध दिए। फिर सिर के बाल काटने शुरु कर दिए।
आरोपियों के नाम करणसिंह पंवार, राहुल भोसले, अनिल भोसले और राजा वाघाड़े बताए जा रहे हैं। पीड़िता के माता-पिता गुजर चुके हैं और वह किसी तरह अपने दो भाइयों का पालन-पोषण कर रही है। आरोपियों ने इस घटना का वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। इसके बाद किशोरी को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। बुधवार सुबह इस घटना की जानकारी भीम आर्मी संगठन के कार्यकर्ताओं को मिली, तो उन्होंने डीसीपी चिन्मय पंडित से मामले की शिकायत की।
इस संबंध में कुर्हा थाने के टीआई सुनील किनगे ने कहा कि किशोरी जिस समाज की है, उस समाज में गलत काम करने पर उसका मुंडन किया जाना आम बात है। हालांकि इस मामले में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मामला दर्ज किया जाएगा।