शिवसेना का योगी पर हमला : बॉलीवुड को किसी का बाप मुंबई से नहीं ले जा सकता

शिवसेना का योगी पर हमला : बॉलीवुड को किसी का बाप मुंबई से नहीं ले जा सकता

Tejinder Singh
Update: 2020-12-03 13:57 GMT
शिवसेना का योगी पर हमला : बॉलीवुड को किसी का बाप मुंबई से नहीं ले जा सकता

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उत्तर प्रदेश के नोएडा में नई फिल्म सिटी स्थापित करने को लेकर शिवसेना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष किया है। गुरुवार को शिवसेना ने पार्टी के मुखपत्र में प्रकाशित संपादकीय में कहा कि मिर्जापुर- 3 का निर्माण नई फिल्म सिटी में होने वाला होगा तो अत्यंत खुशी की बात है। पार्टी ने कहा कि मुंबई के उद्योग छीन कर ले जाना किसी के बाप के लिए संभव नहीं है। मुंबई से उद्योग और फिल्म सिटी लेकर जाना मतलब किसी बच्चे के हाथ से चॉकलेट छीनकर ले जाने जितना आसान नहीं है। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश में उद्योग-धंधे को बढ़ाने के लिए मुंबई में आए थे। लॉकडाउन के दौरान यही लोग मुंबई की आलोचना कर रहे थे। शिवसेना ने कहा कि उत्तर प्रदेश की आपराधिक सच्चाई, कानून व सुव्यवस्था का सनसनीखेज फिल्मांकन मिर्जापुर वेब सीरीज में है। उत्तर प्रदेश की अवस्था ‘मिर्जापुर’ जैसी होने का आरोप विपक्ष लगाता रहा है। मुंबई के अंडरवर्ल्ड पर भी फिल्म बनी ही हैं लेकिन महाराष्ट्र ने गुंडागर्दी को कुचल दिया।

‘मिर्जापुर’ वेब सीरिज जैसी है यूपी की हालत

शिवसेना ने कहा कि मुख्यमंत्री का फिल्म सिटी पर्स नहीं है जो उठाकर उत्तर प्रदेश ले जाएंगे वाला विचार अच्छा है। वे फिल्मसिटी खुशी से बनाएं लेकिन उनके बयान से फिल्म सिटी मुंबई में ही क्यों समृद्ध हुई और बढ़ी है, इसका उत्तर छिपा हुआ है। शिवसेना ने कहा कि लखनऊ, कानपुर, मेरठ, जैसे शहरों से कलाकार, संगीतकार और लेखक अपना करियर संवारने के लिए सालों से मुंबई में आ रहे हैं। ये सभी योगी के साथ जाएंगे क्या? शिवसेना ने पूछा है कि मुख्यमंत्री योगी के मुंबई दौरे पर भाजपा के नेताओं का क्या मत है? जिस तरह से मुंबई को पीओके कहने वाली अभिनेत्री कंगना रनौत भाजपावालों की प्यारी बहना बन गई हैं। उसी तरह मुंबई में आए मुख्यमंत्री को उनका समर्थन है क्या? वास्तविक पीओके की कानून-सुव्यवस्था मिर्जापुर से अलग नहीं है। 
 

Tags:    

Similar News