महाराष्ट्र: शिवसेना नेता शेखर जाधव को अज्ञात शख्स ने मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र: शिवसेना नेता शेखर जाधव को अज्ञात शख्स ने मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

Bhaskar Hindi
Update: 2019-12-19 04:29 GMT
महाराष्ट्र: शिवसेना नेता शेखर जाधव को अज्ञात शख्स ने मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में नेता अब सुरक्षित नहीं है। बुधवार को नागपुर के मेयर संदीप जोशी पर हुए हमले के बाद आज (गुरुवार) शिवसेना नेता पर अज्ञात शख्स ने गोली चलाई। मुंबई के विखरोली में आज सुबह शिवसेना नेता शेखर जाधव को बदमाश ने गोली मार दी। गोली उनके हाथ में लगी उन्हें क्षेत्र के गोदरेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। 
जाधव विक्रोली इलाके के उपविभाग प्रमुख हैं। पुलिस के मुताबिक गुरूवार जाधव अपने बेटे के साथ टैगोर नगर स्थित साईं बाबा मंदिर गए थे। मंदिर से वे जैसे ही बाहर निकले बाहर इंतजार कर रहे एक शख्स ने उन पर गोलियां चला दीं। आरोपी ने तीन गोलियां चलाई जिनमें से एक गोली जाधव के दाहिने हाथ पर लगी और उसे पार करते हुए बाहर निकल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया। इसके बाद जाधव को इलाज के लिए नजदीकी गोदरेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना विखरोली के टैगोर नगर क्षेत्र में साई मंदिर के पास सुबह करीब आठ बजे हुई। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इससे पहले नागपुर मेयर संदीप जोशी पर दो बाइक सवार ने फायरिंग की। मंगलवार को महापौर संदीप जोशी की शादी की सालगिरह थी। इस उपलक्ष्य में वे अपने परिवार, करीबी और दोस्तों के साथ वर्धा रोड स्थित एक होटल में खाना खाने गए थे।

इसके बाद वे शहर की ओर लौट रहे थे। लौटते समय उनके परिवार के सदस्य आगे की कार में थे। पीछे में वे अपने दोस्तों के साथ दूसरी कार में लौट रहे थे। वर्धा रोड स्थित रसरंजन रेस्टॉरेंट के पास अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक पर आए दो अज्ञात हमलावरों ने अचानक कार के सामने बाइक रोक दी। कार के आगे और पीछे से फायरिंग की और लोग कुछ समझ पाते इसके पहले ही वे फरार हो गए थे।

फिलहाल जाधव की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने अभय सिंह नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिंह ने पूछताछ में बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के नैनी का रहने वाला है। लोगों ने पकड़ने के बाद सिंह को बुरी तरह पीटा था जिसके चलते वह भी जख्मी हो गया और पुलिस को उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल पिस्तौल जब्त कर ली है। विक्रोली पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 34 के साथ अवैध हथियार रखने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। 

Tags:    

Similar News