अजित - परब की सीबीआई जांच के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने अमित शाह को लिखा पत्र 

अजित - परब की सीबीआई जांच के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने अमित शाह को लिखा पत्र 

Tejinder Singh
Update: 2021-06-30 14:16 GMT
अजित - परब की सीबीआई जांच के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने अमित शाह को लिखा पत्र 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाझे के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और राज्य के परिवहन मंत्री अनिल परब के खिलाफ लगाए गए वसूली के आरोपों की सीबीआई जांच कराने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। बुधवार को प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष माधव भंडारी ने यह जानकारी दी। पत्रकारों से बातचीत में भंडारी ने कहा कि प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक में अजित और परब के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया था। इसके बाद अब पाटील ने शाह को पत्र लिखा है। एंटीलिया मामले में हिरासत में लिए गए वाझे ने अपने पत्र में अजित और परब के खिलाफ वसूली के गंभीर आरोप लगाए थे। वाझे ने पत्र में अजित पर दर्शन घोडावत के जरिए हर महीने 100 करोड़ रुपए वसूली का आरोप लगाया था। जबकि परब के खिलाफ मुंबई मनपा के ठेकेदारों और सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट से हर महीने 100 करोड़ रुपए से अधिक वसूली के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया था। 

भंडारी ने कहा कि मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमवीर सिंह के पत्र के वसूली के आरोपों के आधार पर राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख की सीबीआई जांच शुरू है। इसी तरह अब अजित और परब के खिलाफ भी सीबीआई जांच होनी चाहिए। भंडारी ने कहा कि महाराष्ट्र में सीबीआई को जांच के लिए राज्य सरकार से अनुमति लेनी पड़ती है। भाजपा यह मान कर चल रही है कि राज्य सरकार दोनों मंत्रियों की सीबीआई जांच का विरोध करेगी। इसलिए अगला कदम उठाने के बारे में विचार किया है। राज्य की 12 करोड़ जनता में से कोई न कोई अदालत में जा सकता है। पाटील ने अपने पत्र में कहा है कि हम प्रदेश भाजपा के 1 करोड़ 10 लाख कार्यकर्ताओं की तरफ से आप से यह मांग कर रहा हूं कि कानून का पालन करते हुए मामले की सीबीआई जांच कराई जाए। 

सत्ता का दुरुपयोग कर रही है भाजपाः राकांपा

भाजपा की मांग के बाद राकांपा ने पलटवार किया है। राकांपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा प्रदेश के अल्पसंख्यक मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि कोई भी सत्ता का अमरपट्टा नहीं लेकर आया है। प्रदेश सरकार की ओर से भाजपा के कुछ नेताओं की जांच शुरू की है। इसलिए पाटील ने अजित और परब की सीबीआई जांच की मांग की है। मलिक ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करके यदि डर दिखाने की कोशिश करेगी तो उससे कोई डरने वाला नहीं है। 

किसके आदेश पर चल रही सीबीआईः सावंत

जबकि प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि राज्य से संबंधित मामलों की सीबीआई जांच के लिए प्रदेश सरकार अथवा हाईकोर्ट आदेश देता है पर इन दिनों सीबीआई किसके मार्गदर्शन और आदेश पर काम करती है इसका दर्शन कराने के लिए भाजपा का धन्यवाद। इसलिए महाराष्ट्र सहित अनेक राज्यों ने सीबीआई को बिना अनुमति की जांच के लिए रोक लगाया है। 

 

Tags:    

Similar News