अब खडसे को अशोक चव्हाण ने दिया ऑफर, बोले-कांग्रेस में स्वागत

अब खडसे को अशोक चव्हाण ने दिया ऑफर, बोले-कांग्रेस में स्वागत

Tejinder Singh
Update: 2018-01-02 09:52 GMT
अब खडसे को अशोक चव्हाण ने दिया ऑफर, बोले-कांग्रेस में स्वागत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे को कांग्रेस में आने का ऑफर दिया है। सोमवार को चव्हाण ने कहा कि यदि खडसे कांग्रेस में आएंगे तो हम उनका स्वागत करेंगे। इससे पहले नागपुर के शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक यशोमति ठाकुर ने विधानसभा में ही खडसे को कांग्रेस में आने का निमंत्रण दिया था। पुणे की भोसरी जमीन खरीदी प्रकरण में फंसने के बाद खडसे को इस्तीफा देना पड़ा था। लगभग डेढ़ साल बीतने के बावजूद उनकी की मंत्रिमंडल में वापसी नहीं हो पाई है। इस कारण खडसे नाराज बताए जा रहे हैं। वे अपनी नाराजगी कई बार प्रदर्शित कर चुके हैं। हाल ही में जलगांव में एक कार्यक्रम के दौरान खडसे राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ मंच साझा किया था। उस कार्यक्रम में खडसे ने कहा था कि मैंने अपने मन की बात अजित के कान में बता दी है। इस पर अजित ने कहा था कि खडसे ने मुझे कान में क्या कहा है इसका खुलासा मैं नहीं करूंगा। खडसे की राष्ट्रवादी कांग्रेस से करीबी को लेकर तरह-तरह की अकटलें लगाई जा रही थीं। हालांकि खडसे ने साफ किया कि वे भाजपा में बने रहेंगे। 
                                     

पार्टी में उपेक्षा से नाराज हैं खड़से

भाजपा में नाराज चल रहे पूर्व मंत्री एकनाथ खड़से को पार्टी में शामिल करने को लेकर कांग्रेस - राकांपा दोनों तैयार दिखाई दे रहे हैं। इससे पहले विधान सभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटील ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ सदस्य एकनाथ खड़से का कांग्रेस में स्वागत है। खड़से ने कहा था कि उन्हें ऑफर मिला था। इसी का जवाब विखे पाटील ने उत्तर दिया। राकांपा का कहना था कि खड़से अगर आते हैं, तो उन्हें लेने में कोई परेशानी नहीं है। खड़से पार्टी में हो रही उपेक्षा से बेहद नाराज है। वे कई बार अपनी ही पार्टी को कटघरे में खड़ा कर चुके हैं। सदन में भी सवाल करके कई बार मंत्रियों को परेशानी में डाल चुके हैं।
                                     

Similar News