मैरिज ब्यूरो के नाम पर चल रहा था फर्जीवाड़ा - लगाया लाखों का चूना

मैरिज ब्यूरो के नाम पर चल रहा था फर्जीवाड़ा - लगाया लाखों का चूना

Bhaskar Hindi
Update: 2019-11-14 08:16 GMT
मैरिज ब्यूरो के नाम पर चल रहा था फर्जीवाड़ा - लगाया लाखों का चूना

डिजिटल डेस्क जबलपुर । मैरिज ब्यूरो के नाम पर देश के कई प्रदेशों में शादी कराने के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह के मुख्य सरगना मनोहर लाल यादव को स्टेट साइबर सेल पकड़कर जबलपुर लाई है। उसके अलावा गिरोह के सदस्य और पकड़े गये हैं जिसमें दो महिलाएँ भी हैं।  उससे पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गिरोह द्वारा शादी के नाम पर फर्जी कॉल सेंटरों में लड़के-लड़कियों को कमीशन का लालच देकर नौकरी पर रखा जाता था। 
लड़कियां फंसाती थीं जाल में
सूत्रों के अनुसार मैरिज ब्यूरो के नाम पर फर्जीवाड़ा का शिकार हुए गुप्तेश्वर निवासी संजय सिंह की शिकायत पर विशेष पुलिस महानिदेशक साइबर सेल के एडीजी राजेन्द्र कुमार एवं मिलिंद कानस्कर द्वारा निर्देशित किया गया था कि मेट्रोमोनियल साइट के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। उक्त निर्देश पर स्टेट साइबर सेल एसपी अंकित शुक्ला के निर्देशन में निरीक्षक विपिन ताम्रकार ने संजय सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया। इस मामले में जाँच के दौरान पता चला कि  जीवन साथी डाट कॉम पर रजिस्ट्रेशन कराया गया था। उसके कुछ महीने बाद जीवन जोड़ी साइट पर आवेदन करने पर 5 हजार फीस जमा कराई गयी थी। फीस जमा कराए जाने के बाद उनके पास कुछ लड़कियों के फोटो ग्राफ्स भेजे गयेे थे। आवेदक द्वारा लड़की पसंद करने पर जीवन जोड़ी साइट द्वारा उस लड़की का मोबाइल नंबर दिया गया था। उक्त मोबाइल नंबर पर बात करने पर लड़की ने अपना नाम तनुजा ठाकुर निवासी रीवा बताकर आवेदक को जाल में फँसाकर करीब साढ़े 6 लाख रुपये अपने विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए थे। फर्जीवाड़ा उजागर होने पर साइबर टीम ने मुख्य सरगना मनोहर लाल यादव, उसके साथी समयलाल जायसवाल निवासी रायपुर, राजेश जांगड़े निवासी दुर्ग, वीणा देवांगन और पूजा साहू को राजनांदगाँव से गिरफ्तार किया है। प्रकरण की विवेचना में निरीक्षक विपिन ताम्रकार, उपनिरीक्षक श्वेता सिंह, आरक्षक अजीत गौतम, अमित गुप्ता, महिला आरक्षक अवनि की भूमिका महत्वपूर्ण रही। 
विधुर, तलाकशुदा निशाने पर 
जाँच में इस बात का खुलासा हुआ कि गिरोह द्वारा मैरिज ब्यूरो के नाम पर विधुर व तलाकशुदा वयस्कों को निशाना बनाया जाता था। इनके द्वारा अन्य मेट्रोमोनियल साइट से लड़के-लड़कियों की जानकारी चोरी कर फर्जी दस्तावेज के आधार पर लोगों को निशाना बनाया जाता था। 
बिहार में ठिकाना बनाया 
गिरोह का मुख्य सरगना मूलत: छग का रहने वाला है, जो कि वर्तमान में भागलपुर बिहार में निवास कर रहा है। इस गिरोह का नेटवर्क मध्य प्रदेश, छग, महाराष्ट्र, दिल्ली, यूपी, बिहार के कई शहरों में फैला होने का पता चला है।  
 

Tags:    

Similar News