थाने में नहीं हुई सुनवाई तो केरोसीन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची दुष्कर्म पीडि़ता

थाने में नहीं हुई सुनवाई तो केरोसीन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची दुष्कर्म पीडि़ता

Bhaskar Hindi
Update: 2019-12-14 16:07 GMT
थाने में नहीं हुई सुनवाई तो केरोसीन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची दुष्कर्म पीडि़ता


डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। उमरेठ थाना क्षेत्र की एक महिला के अपहरण के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। यही नहीं उसे हरियाणा में बेच भी दिया गया। आरोपियों की चंगुल से निकलकर आई पीडि़ता जब थाने पहुंची तो उसकी सुनवाई नहीं गई। न्याय न मिलने से परेशान पीडि़ता आत्मदाह करने केरोसीन लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंच गई। कलेक्ट्रेट कार्यालय के गेट पर आत्मदाह का प्रयास कर रही पीडि़ता को महिला पुलिस ने रोका। काफी देर तक चले हंगामें के बाद कोतवाली पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कोतवाली टीआई विनोद कुशवाह ने बताया कि पीडि़ता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसे आंख और सिर में दर्द की समस्या थी। परिचित अर्जुन यदुवंशी ने इलाज कराने के बहाने उसे छिंदवाड़ा लाया था। पचमढ़ीढाना स्थित एक मकान में बंधक बनाकर आठ दिनों तक उसके साथ दुराचार किया। इसके बाद अर्जुन ने अपनी महिला मित्र सावित्री सोनी के साथ मिलकर उसे हरियाणा के जिला चरखी दादरी के ग्राम जावा निवासी धर्मेन्द्र कुमार को बेच दिया था। मौका पाकर पीडि़ता वहां से भाग निकली। घर आकर पति को उसने अपने साथ हुए कृत्य की जानकारी दी। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अर्जुन यदुवंशी, सावित्री सोनी और हरियाणा के धर्मेन्द्र कुमार के खिलाफ धारा 376 (2)(एन), 328, 370, 366, 346, एसटीएससी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं आरोपी अर्जुन यदुवंशी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
महिला केरोसीन उड़ेलती, उससे पहले झपटी महिला पुलिस-
शनिवार दोपहर केरोसीन लेकर आत्मदाह करने पहुंची दुष्कर्म पीडि़ता अपने ऊपर मिट्टी तेल छिड़कने का प्रयास कर ही रही थी कि यहां मौजूद महिला पुलिस उस पर झपट गई। पीडि़ता और महिला पुलिस के बीच काफी देर तक संघर्ष चलता रहा। आखिरकार पुलिस ने महिला से केरोसीन की बोतल छीन ली। इस दौरान यहां लोगों का हुजूम लग गया था।
फरवरी में दर्ज कराई थी गुमशुदगी-
पीडि़ता के पति ने फरवरी माह में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पीडि़ता के आने के बाद से वह उमरेठ थाना में शिकायत दर्ज कराने गई थी। लेकिन उसकी सुनवाई नहीं की गई। पीडि़ता के मुताबिक परेशान होकर उसने पुलिस अधीक्षक और कलेक्ट्रेट कार्यालय में भी कार्रवाई की मांग को लेकर आवेदन दिया था।  
एडीएम ने मौके पर पहुंचकर सुनी समस्या-
कलेक्ट्रेट गेट के सामने महिला द्वारा आत्मदाह करने की सूचना मिलते ही एडीएम राजेश शाही मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीडि़ता की समस्या सुनी और  पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई के संबंध में चर्चा कर पीडि़ता को कोतवाली पहुंचाया। यहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की। 

Tags:    

Similar News