कोरोना के दोनों डोज लगवाने वालों को मिले आवाजाही में छूट - उपमुख्यमंत्री 

कोरोना के दोनों डोज लगवाने वालों को मिले आवाजाही में छूट - उपमुख्यमंत्री 

Tejinder Singh
Update: 2021-07-21 15:00 GMT
कोरोना के दोनों डोज लगवाने वालों को मिले आवाजाही में छूट - उपमुख्यमंत्री 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि प्रदेश में कोरोना टीके की दोनों डोज लगवा चुके लोगों को आवाजाही में छूट मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मेरा व्यक्तिगत विचार है पर मैं मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से इस बारे में चर्चा करूंगा। बुधवार को पुणे में पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे विचार से कोरोना टीके की दोनों डोज लगा चुके लोगों को गतिविधियां शुरू करने के लिए चरण बद्ध तरीके से अनुमति देनी चाहिए। हालांकि छूट देने को लेकर लोगों की राय अलग-अलग है। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना की तीसरी लहर की दृष्टि से अगले 100 से 120 दिन काफी महत्वपूर्ण हैं। कोरोना के नियमों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने पिछले सप्ताह में अहमदनगर के ग्रामीण इलाकों में देखा कि वहां पर कोई मास्क का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। गांवों में पहले की तरह नियमित महौल नजर आया। ऐसी स्थिति में यदि कोरोना से ग्रसित कोई एक व्यक्ति कई लोगों को संक्रमित कर सकता है। इसलिए कोरोना नियमों के पालन में जो शिथिलता आ गई है, उस पर कड़ाई करने की जरूरत है। 

मंत्रियों के लिए भी नियम समान 

धार्मिक स्थल बंद होने के बावजूद प्रदेश के गृह निर्माण मंत्री जितेंद्र आव्हाड के नाशिक के मंदिर में पूजा करने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नियम सभी के लिए एक समान हैं। सभी को कोरोना के नियमों का पालन करना चाहिए। एक सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पेगासस जासूसी मामले में संसद के जरिए देश की जनता के सामने सच्चाई सामने आनी चाहिए। 

अवैध होर्डिंग लगाने को मैंने कहा था क्या ?

उपमुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देने के लिए पुणे और पिंपरी-चिंचवड में अवैध होर्डिंग लगाई गई। अवैध होर्डिंग में कुछ अपराधियों की तस्वीरें नजर आ रही हैं। इस सवाल पर उपमुख्यमंत्री भड़क गए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने अवैध होर्डिंग लगाने के लिए कहा था क्या? मैंने तो किसी को अवैध होर्डिंग लगाने को नहीं कहा था। मैं नियमों का पालन करने वाला व्यक्ति हूं। यदि शहर में अवैध होर्डिंग लगी तो पुलिस और भाजपा शासित पिंपरी-चिंचवड मनपा संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें। 

राकांपा को आत्मचिंतन की जरूरत- शेलार

भाजपा विधायक आशीष शेलार ने कहा कि यदि अपराधियों को आश्रय मिलता है तो वे इसी तरीके से सार्वजनिक प्रदर्शन करते हैं। पुणे के पिंपरी-चिंचवड में शेलार ने कहा कि मुझे मालूम नहीं कि अपराधियों का उपमुख्यमंत्री से संबंध है कि नहीं। पर अपराधियों को लग रहा है कि वह उपमुख्यमंत्री के करीब है। इस पर राकांपा को आत्मचिंतन करने की जरूरत है।  
 

Tags:    

Similar News