अश्लील चैट के मामले में हरियाणा से तीन गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल

क्लब हाऊस एप अश्लील चैट के मामले में हरियाणा से तीन गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल

Tejinder Singh
Update: 2022-01-21 15:33 GMT
अश्लील चैट के मामले में हरियाणा से तीन गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ‘क्लब हाउस’ ऐप पर चैट के दौरान मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ अश्लील टिप्पणी के मामले में मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने तीन आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। एक आरोपी करनाल जबकि दो को फरीदाबाद से पकड़ा गया। आरोपियों द्वारा की गई चैट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। आरोपियों ने महिलाओं के निजी अंगों की वर्चुअल नीलामी भी की थी। एक महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन में जुटी मुंबई पुलिस ने आरोपियों को तकनीकी जानकारी के आधार पर दबोच लिया। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम आकाश सुयाल, जैश्नव कक्कड और यशकुमार उर्फ यश परासर है। पकड़े गए आरोपियों की उम्र 19 से 22 साल के बीच है। सुयाल को कोर्ट में पेशी के बाद तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक सुयाल ने @kira xd, कक्कड ने @jaisnav जबकि पराशर ने pardhan@haryana_aala नाम से बनाए गए एकाउंट के जरिए अश्लील टिप्पणियां की थीं। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) मिलिंद भारंबे ने बताया कि ‘क्लबहाउस’ ऐप पर 16 और 19 जनवरी को दो चैट रुम बनाए गए थे। कई लोगों ने चैट में हिस्सा लिया। इस दौरान कई आरोपियों ने महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कीं साथ ही महिलाओं के निजी अंगों की बोली लगाई। शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट कर जल्द एक्शन के लिए मुंबई पुलिस की तारीफ की है। इससे पहले मुंबई पुलिस ने ‘बुल्ली बाई’ ऐप के जरिए मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में भी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ‘क्लब हाउस’ ऐप के मामले में भी दिल्ली पुलिस जांच कर रही थी लेकिन मुंबई पुलिस उससे पहले तीन आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।  

Tags:    

Similar News