पुलिसकर्मी की बेटी ने मारा था टोलकर्मी को चाकू, घटना में शामिल युवक एवं दो लड़कियां गिरफ्तार

पुलिसकर्मी की बेटी ने मारा था टोलकर्मी को चाकू, घटना में शामिल युवक एवं दो लड़कियां गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2019-10-30 10:15 GMT
पुलिसकर्मी की बेटी ने मारा था टोलकर्मी को चाकू, घटना में शामिल युवक एवं दो लड़कियां गिरफ्तार


डिजिटल डेस्क  छतरपुर/बड़ामलहरा। सागर कानपुर हाइवे पर गुलगंज थाना अंतर्गत मुंगवारी के पास स्थित टोल नाके पर एक स्विफ्ट डिजायर  कार में सवार लोगों द्वारा टोलकर्मी को चाकू मारने की घटना में नया खुलासा हुआ है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार टोल टैक्स मांगने पर हुए विवाद में कर्मचारी को चाकू मारने वाली लड़की पुलिसकर्मी की पुत्री निकली। संभवत: इसीलिए पुलिस ने घटना में चाकू चलने के बावजूद साधारण मारपीट की धाराओं में अपराध दर्ज किया है। हालांकि पुलिस ने घटना में शामिल एक युवक एवं दो युवतियों को हिरासत में ले लिया है।
   गौरतलब है कि मुंगवारी टोल नाके पर कार नंबर एमपी 16 सीबी 3631 में सवार दो लड़कियों और तीन लड़कों ने बीती रात लगभग 8 बजे जमकर उत्पात मचाया था। टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद में कार चालक सोलू राजा निवासी भगवां ने टोलकर्मी रुद्रप्रताप सिंह के साथ गालीगलौच की। इसके बाद टोलकर्मी ने उसे रोका तो कार से उतरे दो अन्य साथी युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी और बाद में दो लड़कियां भी कार से उतरीं और एक दर्शिता नाम की लड़की ने टोलकर्मी पर चाकू से वार कर दिया। घटना के बाद टोलकर्मी के लहुलुहान हो जाने पर कार सवार सोलू राजा और दो लड़के मौके से भाग खड़े हुए। वहीं दो लड़कियां दर्शिता, आस्था और एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिन पर मारपीट संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें एक लड़की के पिता का नाम रमेश सिंह बताया जा रहा है जो प्रधान आरक्षक के रूप में पुलिस लाइन में पदस्थ है।
ये है घटना-
टोल नाके के कर्मचारी रूद्र प्रताप पिता महेन्द्र सिंह बुन्देला ने गुलगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह टोल प्लाजा पर गेट क्रमांक एक पर टोल टैक्स संग्रह का कार्य करता है, रात्रि लगभग आठ बजे स्विफ्ट कार आकर रूकी। चालक ने 100 रुपए देकर रसीद काटने को कहा तो उसने 30 रुपए की रसीद काटकर 70 रुपए वापस कर दिए। इस पर चालक भड़क गया और गालियां देते हुए कहने लगा कि दोनो साईड की रसीद चाहिए। तो मैंने कहा कि आपको पहले बताना चाहिए था। इस बात पर चालक के साथी जिनमे दो लड़कियां भी शामिल थीं गाड़ी से बाहर निकल कर उस पर टूट पड़े तथा मारने पीटने लगे। दर्शिता राजा ने उस पर चाकू से वार किया, जिससे मेरे बाएं हाथ में चोट आई। रूद्र प्रताप की रिपोर्ट पर गुलगंज थाना पुलिस द्वारा सोलू राजा 22, दर्शिता राजा, आस्था राजा के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। बैरियर कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस बगैर अंकसूची परीक्षण के कुछ आरोपियों को जबरन नाबालिग करार दे रही है।

 

Tags:    

Similar News