दुबई से मिली बड़ी सफलता- पकड़े गए 1993 मुंबई विस्फोट के दो आरोपी, पहुंचाया था विस्फोटक

दुबई से मिली बड़ी सफलता- पकड़े गए 1993 मुंबई विस्फोट के दो आरोपी, पहुंचाया था विस्फोटक

Tejinder Singh
Update: 2019-02-14 15:13 GMT
दुबई से मिली बड़ी सफलता- पकड़े गए 1993 मुंबई विस्फोट के दो आरोपी, पहुंचाया था विस्फोटक

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा मुहैया कराई गई जानकारी के आधार पर 1993 मुंबई बम धमाकों के दो और आरोपियों को दुबई में पकड़ा गया है। पकड़े गए एक आरोपी का नाम अबू बकर अब्दुल गफ्फूर शेख जबकि दूसरे का नाम फिरोज है। खुफिया एजेंसियां फिलहाल इस मामले पर खुलकर बोलने से बच रहीं हैं लेकिन दोनों के प्रत्यार्पण की कोशिशें शुरू हो गईं हैं।

अबू बकर 1993 में हुए मुंबई सीरियल धमाके के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल है। वह न सिर्फ धमाकों से जुड़ी दाऊद के दुबई स्थित घर में हुई बैठकों में शामिल हुआ था बल्कि महानगर में आरडीएक्स पहुंचाने में भी उसकी अहम भूमिका थी। अबू बकर ने पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकी हमलों की ट्रेनिंग भी ली है। अबू बकर लगातार सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात में रह रहा था। वह दाऊद के करीबियों के साथ मिलकर तस्करी में भी लगा हुआ था। अबू बकर के खिलाफ 21 साल पहले रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था।

भारतीय खुफिया एजेंसियां लगातार उससे जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहीं थीं और पुख्ता जानकारी मिलने के बाद दुबई पुलिस की मदद से दोनों को दबोचा गया है। बता दें कि 12 मार्च 1993 को मुंबई में हुए 12 सिलसिलेवार धमाकों में 257 लोग मारे गए थे और 713 लोग घायल हुए थे। इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता दाऊद इब्राहिम और टाइगर मेमन अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।    

 

Similar News