मंत्रिमंडल विस्तार से उद्धव ठाकरे अनजान, कहा - मेरे पास नहीं आया पंचांग 

मंत्रिमंडल विस्तार से उद्धव ठाकरे अनजान, कहा - मेरे पास नहीं आया पंचांग 

Tejinder Singh
Update: 2019-06-14 15:34 GMT
मंत्रिमंडल विस्तार से उद्धव ठाकरे अनजान, कहा - मेरे पास नहीं आया पंचांग 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ऐलान के बावजूद प्रदेश में राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर असमंजस कायम है। शुक्रवार को राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार के सवाल पर शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि मेरे पास अभी तक पंचांग नहीं आया है। दादर स्थित शिवसेना भवन में पत्रकारों ने उद्धव से पूछा कि क्या राज्य मंत्रिमंडल विस्तार का नया मुहूर्त रविवार को तय हुआ है? इसके जवाब में उद्धव ने कहा कि मुझे इस बारे में मालूम नहीं है। मेरे पास राज्य मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अभी तक पंचांग नहीं आया है। दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर शिवसेना के वरिष्ठ नेता व प्रदेश के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने नाशिक में कहा कि मैं उपमुख्यमंत्री पद के लिए इच्छुक नहीं हूं। देसाई ने कहा कि उपमुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना के भीतर कोई गुटबाजी नहीं है। देसाई ने कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद ही घोषणा कि है कि मानसून सत्र के पहले राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। इससे ऐसा लग रहा है कि अगले दो से तीन दिनों में मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा। 

मंत्रिमंडल को लेकर भ्रम कायम

इससे पहले शुक्रवार को राज्य मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना जताई गई थी। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अब रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा है लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय को फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अभी विस्तार के पक्ष में नहीं हैं। 

Tags:    

Similar News