10 सीनेट सदस्यों के चुनाव पर विश्वविद्यालय ने खर्च किए साढ़े सात लाख

10 सीनेट सदस्यों के चुनाव पर विश्वविद्यालय ने खर्च किए साढ़े सात लाख

Tejinder Singh
Update: 2018-12-25 15:07 GMT
10 सीनेट सदस्यों के चुनाव पर विश्वविद्यालय ने खर्च किए साढ़े सात लाख

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई विश्वविद्यालय ने सीनेट के 10 पंजीकृत स्नातकों के चुनाव पर 7 लाख 44 हजार रुपए खर्च किए हैं। यह जानकारी सूचना का अधिकार (आरटीआई) के जरिए सामने आई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक सबसे ज्यादा 5 लाख 65 हजार रूपए विज्ञापन और यात्रा पर खर्च किए गए। आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने मुंबई विश्वविद्यालय से 27 मार्च 2018 को विद्यापीठ से सीनेट में जाने वाले 10 पंजीकृत चुनाव में सभी प्रकार के खर्च का ब्यौरा मांगा था। करीब नौ महीने बाद मुंबई विश्वविद्यालय की ओर से आरटीआई का जवाब दिया गया। मुंबई विश्वविद्यालय के वित्त व लेखा विभाग के उप कुलसचिव राजेंद्र आंबवडे ने गलगली को जो जानकारी मुहैया कराई उसके मुताबिक सीनेट के 10 पंजीकृत स्नातकों के चुनाव में कुल 7 लाख 44 हजार 499 रुपए खर्च हुए।

इसमें से यात्रा पर सबसे ज्यादा 3 लाख 22 हजार 89 रुपए खर्च हुए। इसके अलावा विज्ञापन पर 2 लाख 43 हजार 232 रुपए, सॉफ्टवेयर के लिए 68 हजार 810 रुपए, टोनर रिफिलिंग के लिए 16 हजार 638 रुपए, साजसज्जा पर 20 हजार 500 रुपए, ट्रेनिंग वोट काउंटिंग पर 3 हजार 330 और आवाभगत पर 69 हजार 900 रुपए खर्च हुए हैं। गलगली ने राज्यपाल सी विद्यासागर राव और मुंबई विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ सुहास पेडणेकर को खत लिखकर सीनेट चुनाव में हुए खर्च का पूरा ब्योरा मुंबई विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने की मांग की है। 

Similar News