आज के शिवाजी-नरेंद्र मोदी पर बवाल, कांग्रेस-एनसीपी ने भाजपा के खिलाफ खोला मोर्चा

आज के शिवाजी-नरेंद्र मोदी पर बवाल, कांग्रेस-एनसीपी ने भाजपा के खिलाफ खोला मोर्चा

Tejinder Singh
Update: 2020-01-13 14:09 GMT
आज के शिवाजी-नरेंद्र मोदी पर बवाल, कांग्रेस-एनसीपी ने भाजपा के खिलाफ खोला मोर्चा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से महाराष्ट्र के आराध्य देवता छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना वाली पुस्तक ‘आज के शिवाजी-नरेंद्र मोदी’ पर सत्ताधारी कांग्रेस-राकांपा ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस मंगलवार को राज्यभर में आंदोलन करने वाली है। इस बीच सोलापुर में इस किताब के लेखक जय भगवान गोयल के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। हालांकि भाजपा ने इस किताब से पल्ला झाड़ लिया है। भाजपा नेता जय भगवान गोयल ने अपनी पुस्तक के शीर्षक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से की है। इससे राज्य भर में पुस्तक का विरोध शुरु हो गया है। राज्य की शिवसेना, कांग्रेस और राष्ट्रवादी पार्टी ने इस पुस्तक को लेकर नाराजगी प्रकट की है। शिवसेना के सांसद संजय राऊत ने पुस्तक पर टिप्पणी करते हुए इसका विरोध किया है। तीनों दलों ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया है। महाराष्ट्र के कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने नागपुर में लेखक जय भगवान गोयल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इधर पुस्तक के लेखक गोयल का कहना है कि यदि पार्टी ने आदेश दिया तो वे पुस्तक वापस ले लेंगे। प्रदेश राकांपा के प्रवक्ता महेश तपासे ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना महाराष्ट्र का अपमान है, इसके लिए प्रधानमंत्री व भाजपा को माफी मांगनी चाहिए।  

कांग्रेस का राज्य भर में आंदोलन 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राजस्व मंत्री बाला साहेब थोरात ने कहा कि आज के शिवाजी-नरेंद्र मोदी पुस्तक के जरिए छत्रपति का अपमान किया गया है। ‌छत्रपति शिवाजी महाराज का बार-बार अपमान करने वाली भाजपा के खिलाफ मंगलवार को राज्यभर में आंदोलन कर विरोध किया जाएगा। मंगलवार 14 जनवरी को सुबह 11 बजे महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी, तिलक भवन में थोरात की उपस्थिति में आंदोलन किया जाएगा। साथ ही राज्य के सभी कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला और तहसील स्तर पर आंदोलन करेंगे। 

पवार को जाणता राजा कहना कैसे चलता है: मुनगंटीवार

कांग्रेस-राकांपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज को दी गई ‘जाणता राजा’ की उपाधि शरद पवार को दी जाती है। पवार के कार्यकाल में कई किसानों ने आत्महत्या की, ऐसे में उनके लिए जाणता राजा की उपाधि लागू होगी? मुनगंटीवार ने कहा कि जब तक ब्रह्मांड है, तब तक शिवाजी महाराज से किसी की तुलना नहीं हो सकती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधी निचले स्तर की राजनीति कर रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने अपनी एक किताब में शिवाजी महाराज की बदनामी की थी। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को कांग्रेस के लोग ‘इंडिया इज इंदिरा, इंदिरा इज इंडिया’ कहते थे। साथ ही इंदिरा गांधी की तुलना दुर्गा माता से की गई थी, उस वक्त किसी ने भी आपत्ति प्रकट क्यों नहीं की? 

नहीं होनी चाहिए पुस्तक की बिक्रीः संभाजी राजे  

राज्यसभा सांसद और छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज संभाजी राजे ने ‘आज के शिवाजी-नरेंद्र मोदी’ पुस्तक के प्रति अपनी नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि बाजार में पुस्तक नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति बहुत सम्मान है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि उनकी तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से की जाए। किसी से भी छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना नहीं की जा सकती। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस बारे में सावधानी रखनी चाहिए कि यह पुस्तक बाजार में न आ पाए। 

‘आज के शिवाजी-नरेन्द्र मोदी’ किताब से भाजपा का कोई-लेना देना नहीं

बवाल बढ़ने के बाद भाजपा ने इस किताब से किसी प्रकार के संबंध से अपना पल्ला झाड़ लिया है। नई दिल्ली में भाजपा के मीडिया सह प्रमुख संजय मयुख ने कहा कि भाजपा का इस किताब से और किताब के लेखक और प्रकाशक से कोई लेना-देना नही है।
आज का शिवाजी: नरेन्द्र मोदी शीर्षक वाली किताब भाजपा नेता जय भगवान गोयल ने लिखी है। संजय मयुख ने कहा कि यह किसी व्यक्ति ने लिखा है। यह पार्टी का प्रकाशन नही है। मयुख ने कहा कि किताब के लेखक गोयल ने भी इस किताब के लेखन को व्यक्तिगत बताया है और कहा है कि इस किताब से अगर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो वह इस किताब को वापस ले लेंगे।

Tags:    

Similar News