सूरज पे मंगलभारी : सिनेमा घरों में धीरे धीरे लौट रहे दर्शक, आमद से खुश संचालक

सूरज पे मंगलभारी : सिनेमा घरों में धीरे धीरे लौट रहे दर्शक, आमद से खुश संचालक

Tejinder Singh
Update: 2020-11-16 15:29 GMT
सूरज पे मंगलभारी : सिनेमा घरों में धीरे धीरे लौट रहे दर्शक, आमद से खुश संचालक

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लॉकडाउन के चलते करीब आठ महीनों से बंद पड़े सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में धीरे-धीरे फिर रौनक लौटने लगी है। लॉकडाउन के बाद रिलीज हुई फिल्म "सूरज पे मंगलभारी" से सिनेमाघरों में दर्शक लौटे हैं। हालांकि अभी सिनेमाघर में करीब 10 फीसदी ही दर्शक पहुंच रहे हैं लेकिन इसे अच्छी शुरुआत माना जा रहा है।

आईनॉक्स के चीफ प्रोग्रामिंग ऑफीसर राजेंदर सिंह ज्याला ने कहा कि हम इस समय हो रहे कलेक्शन की तुलना सामान्य दिनों में होने वाले कलेक्शन से नहीं कर सकते। हमें समझना होगा कि हालात बदल गए हैं इसलिए मौजूदा समय में जितने दर्शक पहुंच रहे हैं हमारे लिए वह उत्साहजनक है। डूब रहे कारोबार को नई फिल्म की जरूरत थी और इस रिलीज से हम बेहद खुश हैं। आईनोक्स ग्रुप के ही एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि यह साल सामान्य नहीं है इसलिए इस हालात में भी "सूरज पर मंगलभारी" को सिनेमाघरों में रिलीज करने के जी स्टूडियों के कदम की हम सराहना करते हैं। इंडस्ट्री इस सहयोग को लंबे समय तक याद रखेंगे।

इसी रविवार को मनोज वाजपेयी, दिलजीत दोसांझ और फातिमा सना शेख अभिनित फिल्म सूरज पर मंगल भारी रिलीज हुई है। मनोज वाजपेयी ने भी एक वीडियो ट्वीट किया है जिसमें उनकी फिल्म देखने के लिए कई लोग मल्टीप्लेक्स के बाहर कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा है कि लोग हमारी फिल्म देखने सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं। चारों ओर से अच्छी खबर आ रही है। कोरोना संक्रमण के चलते फिलहाल सिनेमाघरों में 50 फीसदी दर्शकों को ही इजाजत है।

दीपावली बॉलीवुड की कमाई के लिए अच्छा समय माना जाता है। पिछले साल दीपावली पर रिलीज हुई फिल्मों "हाउसफुल", "सांड की आंख" और "मेड इन चाइना" ने पहले सप्ताह में  62 करोड़ रुपए से ज्यादा कमाई की थी। साल 2018 में दीपावली के मौके पर रिलीज हुई आमिर खान की "ठग्स ऑफ हिंदुस्तान" ने एक दिन में ही करीब 51 करोड़ रुपए की कमाई की थी। बॉक्स ऑफिस के जानकारों के मुताबिक कोरोना काल मे जब तक बड़े सितारों और बड़े बजट की अच्छी फिल्में रिलीज नहीं होती सिनेमाघरों में पुरानी रौनक लौटनी मुश्किल है लेकिन यह अच्छी बात है कि नई फिल्म की रिलीज के बाद दर्शकों की संख्या कुछ बढ़ी है।  

 

Tags:    

Similar News