आतंकवाद: अफगानिस्तान में तालिबान का आत्मघाती हमला और गोलीबारी, 14 लोगों की मौत, 63 घायल 

आतंकवाद: अफगानिस्तान में तालिबान का आत्मघाती हमला और गोलीबारी, 14 लोगों की मौत, 63 घायल 

Bhaskar Hindi
Update: 2020-07-13 17:54 GMT
आतंकवाद: अफगानिस्तान में तालिबान का आत्मघाती हमला और गोलीबारी, 14 लोगों की मौत, 63 घायल 
हाईलाइट
  • अफगानिस्तान में बढ़े तालिबानी हमले
  • बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या
  • हमले के कई घंटों बाद तालिबान ने ली हमले की जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, काबुल। अफगानिस्तान के उत्तरी समांगन प्रांत की राजधानी ऐबक में तालिबान आतंकवादियों ने देश की राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी (एनडीएस) की एक प्रांतीय शाखा पर आत्मघाती हमला कर दिया। इसमें तीन हमलावरों सहित कम से कम 14 लोग मारे गए, जबकि 63 अन्य घायल हैं। तालिबानी आतंकवादियों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

क्या कहा प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता ने?
प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता सिद्दीक अजीजी ने सिन्हुआ को बताया कि विस्फोट के बाद दो सशस्त्र आतंकवादी परिसर में घुस गए, जिससे वहां मुठभेड़ शुरू हो गई, जो घंटों चली। इस हमले में 11 एनडीएस कर्मचारी और तीन हमलावर मारे गए। इस घटना में 50 से अधिक लोग घायल हैं, जिनमें कई महिलाएं और दो बच्चे भी हैं। अजीजी ने कहा कि बड़े पैमाने पर हुए इस विस्फोट के कारण कई इमारतों और प्रांतीय नगर पालिका कार्यालय को नुकसान हुआ है। हमले में ज्यादातर नगर पालिका के कर्मचारी घायल हैं, जिनमें चार की हालत नाजुक है।

अफगानिस्तान में बढ़े तालिबानी हमले
फरवरी के अंत में तालिबान और अमेरिकी शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद से राष्ट्रपति मोहम्मद अशरफ गनी सहित अफगान नेताओं ने अकसर हिंसा को कम करने के लिए तालिबान से आग्रह किया है। हालांकि, आतंकवादियों ने हमले तेज कर दिए हैं। सरकार ने मार्च के शुरुआत से 4 हजार से अधिक तालिबान कैदियों को रिहा कर दिया है, वहीं तालिबान विद्रोहियों ने 600 से अधिक राष्ट्रीय सुरक्षा बल के सदस्यों को रिहा किया है।

बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या
प्रांतीय परिषद सदस्य राज मोहम्मद खान ने बताया कि यह शुरुआती आंकड़े हैं और हताहतों की संख्या और बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में तालिबान के कम से कम दो लड़ाके मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि धमाका इतना जोरदार था कि उसे कई मील दूर से सुना गया है और इससे कई इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचा है।

Tags:    

Similar News