Coronavirus in World: दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ के करीब, अमरीका में संक्रमण के लगभग 50 लाख मामले 

Coronavirus in World: दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ के करीब, अमरीका में संक्रमण के लगभग 50 लाख मामले 

Bhaskar Hindi
Update: 2020-08-08 20:21 GMT
Coronavirus in World: दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ के करीब, अमरीका में संक्रमण के लगभग 50 लाख मामले 

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। दुनियाभर में कोरोना वायरस से सक्रंमित मरीजों की संख्या 2 करोड़ के पास पहुंच गई है। worldometers के अनुसार शनिवार रात 1.30 बजे तक विश्वभर में 1 करोड़ 97 लाख 21 हजार 952 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 27 हजार 469 लोगों की मौत हुई है और 1 करोड़ 26 लाख 58 हजार 651 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वर्तमान में 63 लाख 35 हजार 832 लोग अब भी अस्पताल में कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। इनमें से 64 हजार 915 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

वहीं जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक, अमरीका में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर लगभग 50 लाख हो गए हैं। अमरीका दुनिया का सबसे बुरी तरह प्रभावित देश है। अमरीका में संक्रमण से अब तक क़रीब एक लाख 62 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। अमरीका के बाद ब्राजील दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है। जहां संक्रमण के मामले 29 लाख 62 हजार से अधिक हैं। ब्राजील में मरने वालों की संख्या करीब एक लाख हो गई है।

10 देश, जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 51,18,630 1,64,533 26,20,124
ब्राजील 29,88,796 100,240 20,68,394
भारत 21,50,858 43,446 14,76,994
रूस 8,82,347 14,854 6,90,207
साउथ अफ्रीका 5,45,476 9,909 3,94,759
मैक्सिको 4,69,407 51,311 3,13,386
पेरू 4,63,875 20,649 3,14,332
चिली 3,71,023 10,011 3,44,133
कोलंबिया 3,67,196 12,250 1,98,495
स्पेन 3,61,442 28,503 उपलब्ध नहीं

भारत में 21 लाख पार संक्रमितों की संख्या
भारत तीसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है। भारत में अब तक कोविड-19 के कुल संक्रमित मामलों की संख्या 21 लाख के पार हो चुकी है, जिनमें से 14 लाख 20 हजार से ज्यादा लोग इस बीमारी को मात देकर ठीक हो चुके हैं। भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, रिकवरी रेट में लगातार सुधार हो रहा है और यह अब 68.32% है। वहीं कोविड मामले में मृत्यु दर 2.04% है। अब तक कुल करीब 43 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।

अमेरिका में गोरे बच्चों की तुलना में 5 गुना ज्यादा अश्वेत बच्चे अस्पतालों में भर्ती
अमेरिका के सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में कोरोना संक्रमण से गोरे बच्चों की तुलना में आठ गुना ज्यादा हिस्पैनिक (मूल रूप से स्पेन के) और पांच गुना ज्यादा अश्वेत बच्चे अस्पतालों में भर्ती हैं। यह अध्ययन 14 राज्यों के डेटा पर किया गया है। इसमें पाया गया कि अध्ययन में शामिल 42% बच्चों को कुछ न कुछ बीमारी थी। अश्वेत और हिस्पैनिक बच्चों में मोटापे का खतरा ज्यादा पाया गया।

नेपाल: पूर्व पीएम प्रचंड के छह सिक्युरिटी गार्ड संक्रमित
नेपाल में सत्ताधारी नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) के सह अध्यक्ष और पूर्व पीएम पुष्प कमल दहल "प्रचंड" के छह सिक्युरिटी गार्ड कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बताया गया कि इनकी प्रचंड के आवास पर तैनाती थी। इसके बाद प्रंचड के साथ चलने वाले सुरक्षा गार्डों का भी कोरोना टेस्ट कराया गया, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। नेपाल में अब तक कोरोना के 22 हजार 592 मामले आए हैं और 73 लोगों की मौत हुई है।

ब्राजील में 24 घंटों में 50 हजार मामले सामने आए
ब्राजील में पिछले 24 घंटे में 50,000 से ज्यादा संक्रमण के नए मामले दर्ज हुए हैं। यहां लापरवाही को संक्रमण फैलने की मुख्य वजह माना जा रहा है। यहां अब भी लोग न तो नियमों का पालन कर रहे हैं और न ही डब्ल्यूएचओ की चेतावनी को गंभीरता से ले रहे हैं। नतीजतन ब्राजील में मरने वालों का आंकड़ा शनिवार को एक लाख के एकदम करीब पहुंच गया।

लेटिन अमेरिकी देशों में भी हालत गंभीर
उधर, लेटिन अमेरिकी देश मेक्सिको, पेरु, चिली व कोलंबिया में भी हालात काबू से बाहर हैं। मेक्सिको में 24 घंटों मे संक्रमण से 794 मौतें हुईं जबकि नए मामले 6,717 आए। देश में अब तक 51 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। जबकि पेरु में यह आंकड़ा 20 हजार को पार कर गया है। अमेरिका में अब तक 1.64 लाख से ज्यादा लोग महामारी में मारे गए हैं जबकि कुल 50.97 लाख से ज्यादा संक्रमित पाए गए हैं।

जर्मनी: लगातार तीसरे दिन 1000 से ज्यादा मामले आए
जर्मनी में लगातार तीसरे दिन संक्रमण के 1000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटे में यहां 1122 संक्रमित मिले और 12 लोगों की मौत हुई। यहां कोरोना से अब तक 9195 लोगों की मौत हो चुकी है। जर्मनी में संक्रमण अचानक बढ़ने पर नियम और सख्त कर दिए गए हैं और टेस्टिंग की स्पीड बढ़ा दी गई है।

साउथ कोरिया: 43 नए मामले आए
साउथ कोरिया में 24 घंटे में संक्रमण के 43 नए मामले सामने आए हैं। इसमें 30 केस लोकल ट्रांसमिशन के हैं और 13 मामले बाहर से आए हैं। यहां के गियोंगी प्रांत के गोइंग सिटी का एक चर्च कोरोना क्लस्टर बनकर उभरा है। लोकल ट्रांसमिशन के 16 मामले यहीं से आए हैं। देश में संक्रमण के कुल मामले 14 हजार 562 हो गए हैं और 304 लोगों की मौत हो चुकी है।

Tags:    

Similar News