इंटरपोल प्रमुख होंगवेई ने दिया इस्तीफा, चीन में भ्रष्टाचार का आरोप

इंटरपोल प्रमुख होंगवेई ने दिया इस्तीफा, चीन में भ्रष्टाचार का आरोप

Bhaskar Hindi
Update: 2018-10-08 07:24 GMT
इंटरपोल प्रमुख होंगवेई ने दिया इस्तीफा, चीन में भ्रष्टाचार का आरोप
हाईलाइट
  • इंटरपोल ने किया इस्तीफे का खुलासा
  • किम जोंग यांग को कार्यवाहक प्रमुख बनाया
  • चीन में भ्रष्टचार करने का लगा आरोप

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठन (इंटरपोल) प्रमुख मेंग होंगवेई ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। चीन में उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। चीन ने अधिकारिक बयान जारी कर ये जानकारी दी है। इंटरपोल ने खुलासा किया है कि उन्हें होंगवेई से इस्तीफा मिल चुका है। बता दें कि मेंग 25 सितंबर से लापता थे। बाद में पता चला था कि उन्हें चीन की पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। चीन को शक है कि मेंग ने कानून का उल्लंघन किया है। रविवार को मेंग के इस्तीफे के बाद दक्षिण कोरिया के किम जोंग यांग को कार्यवाहक प्रमुख का बना दिया गया है।


इससे पहले हांगकांग के एक अखबार ने खुलासा किया था कि मेंग को चीनी अधिकारियों ने पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया है। इसके बाद इंटरपोल ने चीन सरकार से इस मामले पर जवाब की मांग की थी। रिपोर्ट के अनुसार मेंग इंटरपोल प्रेसिडेंट होने के साथ-साथ चीन के पबलिक सेक्यूरिटी के उपमंत्री भी हैं। रिपोर्ट के अनुसार उनके खिलाफ चीन में जांच चल रही है, लेकिन जांच किस संबंध में है यह कहना अभी मुश्किल है। चीन के मॉनीटरिंग लॉ के अनुसार हिरासत में लिए गए व्यक्ति के परिवार और कंपनी को 24 घंटे के अंदर इस बात की सूचना दे दी जाती है। सिर्फ जांच बाधित होने की स्थिति में ऐसा नहीं किया जा सकता है। 

 

फ्रांस से गए थे बीजिंग

इससे पहले फ्रांस के लियॉन में में रहने वाली मेंग होंगवेई की पत्नी ने बताया था कि पति से उनकी आखिरी मुलाकात सितंबर के आखिरी सप्ताह में हुई थी। स्थानीय मीडिया में चल रही खबर के अनुसार लापता होने से पहले मेंग चीन के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने 29 सितंबर को देश (फ्रांस) छोड़ दिया था। मेंग की पत्नी ने उनके लापता होने की रिपोर्ट लिखाई थी। इस मामले पर फ्रांस की पुलिस ने इंटरपोल प्रमुख मेंग की तलाश शुरू कर दी है। मेंग को आखिरी बार सितंबर के अंत में दक्षिण-पूर्व फ्रांस के लायन में इंटरपोल के मुख्यालय से निकलते हुए देखा गया था।

बता दें कि इंटरपोल से 192 देश की लॉ एन्फॉर्समेंट एजेंसी जुड़ी हुई है। 95 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था कि कोई चीनी नागरिक इंटरपोल का अध्यक्ष बना हो। मेंग को इंटरपोल चीफ का पद 2020 तक के लिए मिला था। इंटरपोल का अध्यक्ष बनने से पहले नवंबर 2016 में मेंग चीन में पब्लिक सिक्योरिटी के उपमंत्री थे। उनकी जिम्मेदारी खुफिया पुलिस के काम-काज को देखने की थी। मेंग को यह जिम्मेदारी मिलने के बाद चीन कथित आर्थिक अपराध की जांच में अंतरराष्ट्रीय मदद पाने के अवसर के रूप में देख रहा था।

Similar News