आयरलैंड में ऐतिहासिक जनमत संग्रह, भारतीय महिला बनी वजह

आयरलैंड में ऐतिहासिक जनमत संग्रह, भारतीय महिला बनी वजह

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-25 19:35 GMT
आयरलैंड में ऐतिहासिक जनमत संग्रह, भारतीय महिला बनी वजह

डिजिटल डेस्क, डबलिन। एक भारतीय महिला की मौत आयरलैंड में जनमत संग्रह की वजह बन गई है। आयरलैंड के मतदाताओं ने शुक्रवार को ऐतिहासिक जनमत संग्रह के लिए मतदान किया। जनमत संग्रह यह तय करेगा कि पारंपरिक कैथोलिक देश को यूरोप के कुछ कड़े गर्भपात संबंधी कानूनों को लचीला बनाना चाहिए या नहीं। बता दें कि 2012 में भारतीय मूल की डेंटिस्ट सविता हलप्पनावर की गर्भपात की अनुमति न मिलने के कारण मौत हो गई थी। वह 17 सप्ताह की गर्भवती थी।

35 लाख मतदाता के हाथ फैसला
आयरलैंड में गर्भपात संबंधी कानूनों को लचीला बनाने के अभियान में हालिया कुछ महीनों में तेजी आई है। अभी जो कानून है उसके तहत महिला तभी अबॉर्शन करा सकती है जब उसकी जान को खतरा हो। गर्भपात पर संवैधानिक पाबंदी जारी रहनी चाहिए या इसे हटाया जाना चाहिए इसका फैसला 35 लाख मतदाताओं के हाथ में है। चुनाव से पहले आए पोल्स में संकेत मिले है कि इसके नतीजे बेहद करीबी रह सकते हैं। जनमत संग्रह के लिए पड़े वोटों की गिनती शनिवार सुबह होगी और दिन में इसके नतीजे की घोषणा होने की संभावना है। 

कानून में बदलाव लाना चाहिए
सविता के पिता अदनप्पा यालगी ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि आयरलैंड के लोग मेरी बेटी सविता को जनमत संग्रह के दिन याद करेंगे, जो उसके साथ हुआ वह किसी और परिवार के साथ नहीं होगा।" उन्होंने कर्नाटक से गार्डियन अखबार के साथ फोन पर बातचीत में कहा, "मैं उसके बारे में हर दिन सोचता हूं। आठवें संशोधन के कारण जो उपचार मिलना चाहिए था, वह उसे नहीं मिला। उन्हें कानून में बदलाव लाना चाहिए।"  

रिस्क लेकर ऑनलाइन अबॉर्शन पिल मंगाती है महिलाएं
आयरलैंड पारंपरिक रूप से यूरोप के सबसे धार्मिक देशों में से एक है। आयरलैंड सरकार के अनुसार औसतन 9 महिलाएं हर रोज आयरलैड से अबॉर्शन कराने यूनाइटेड किंगडम जाती है, क्योंकि यहां पर अबॉर्शन कराना लीगल है। 14 साल की जेल का रिस्क उठाकर हर रोज तीन महिला ऑनलाइन अबॉर्शन पिल मंगाती है। अगर जनमत पास नहीं होता है तो महिलाओं का अबॉर्शन के लिए देश छोड़कर जाना जारी रहेगा।

बता दें कि इस जनमत संग्रह से करीब तीन साल पहले आयरलैंड ने समान लिंग के लोगों के बीच विवाह के पक्ष में मतदान किया था।  

Similar News