इवांका पहले यहूदी बनीं, फिर की शादी

इवांका पहले यहूदी बनीं, फिर की शादी

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-28 06:24 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका इस वक्त भारत में है। इस दौरान इवांका हैदराबाद में हो रही ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप समिट (GES-2017) को भी होस्ट करने वाली हैं। 28-30 नवंबर तक चलने वाली इस समिट में देश-विदेश के करीब 1200 एंटरप्रेन्योर हिस्सा लेने वाले हैं। इस समिट का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। इसी दौरान इवांका पीएम से भी मुलाकात करेंगी। शाम को उनके सम्मान में पीएम मोदी डिनर भी होस्ट करने वाले हैं। इवांका न सिर्फ डोनाल्ड ट्रंप की बेटी हैं, बल्कि उनकी एडवाइजर भी हैं और US प्रेसिडेंट के एडवाइजर के तौर पर इवांका का ये पहला भारत दौरा है। इसलिए इस खास मौके पर हम आपको इवांका ट्रंप से जुड़ी कुछ ऐसी बातें बताने जा रहे हैं, जो आपको जानना चाहिए। 

 

शादी से पहले बदला था धर्म

 

 

इवांका ने साल 2009 में रियल एस्टेट बिजनेसमैन जैरेड कुशनर से शादी की है, लेकिन शादी से कुछ महीनों पहले इवांका ने अपना धर्म बदल लिया था। ऐसा कहा जाता है कि इवांका पहले ईसाई धर्म को मानती थी, लेकिन बाद में उन्होंने यहूदी धर्म अपना लिया था। बताया जाता है कि डोनाल्ड ट्रंप को इस बात से भी कोई आपत्ति नहीं थी कि इवांका ने यहूदी धर्म अपना लिया है। इवांका के पति जैरेड भी ट्रंप सरकार में एडवाइजर है। इतना ही नहीं डोनाल्ड ट्रंप की पहली ऑफिशियल इजरायल विजिट के दौरान भी इवांका और जैरेड साथ ही थे। 

 

दोस्तों ने कराई थी जैरेड से मुलाकात

 

 

इवांका की जैरेड से मुलाकात उनके दोस्तों के जरिए हुई थी। दोनों शुरू से ही एक-दूसरे को काफी पसंद करते हैं। साल 2005 में दोनों ने डेटिंग करना शुरू किया। इवांका और जैरेड शुरू से एक-दूसरे को चाहते थे, लेकिन कुशनर के माता-पिता ने दोनों के रिश्तों को लेकर आपत्ति जताई थी। जिसके बाद दोनों 2008 में अलग हो गए, लेकिन बाद में फिर से एक हो गए। आखिरकार 25 अक्टूबर 2009 को दोनों ने शादी कर ली। इवांका और जैरेड के 3 बच्चे भी हैं। इवांका एक बेटी और दो बेटे की मां है, लेकिन उन्हें देखकर कोई इस बात का अंदाजा नहीं लगा सकता।

 

फैमिली के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 

 

इवांका अपनी फैमिली के साथ वॉशिंगटन के पॉश इलाके कालोरामा में रहती हैं। इवांका की पूरी फैमिली के लिए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। इतना ही नहीं ये भी कहा जाता है कि जब इवांका के बच्चे बाहर ग्राउंड में खेलने के लिए जाते हैं, तो भी उनके साथ 3 सिक्योरिटी वैन मौजूद रहती है। यही कारण है कि भारत में भी इवांका को इसी तरह की सुरक्षा दी गई है। बता दें कि इवांका होटल के जिस फ्लोर पर ठहरी हुई हैं, उसके ऊपर और नीचे के फ्लोर पर किसी को भी रहने की परमिशन नहीं है। 

 

डोनाल्ड ट्रंप के प्रेसिडेंट बनने में इवांका का बड़ा हाथ

 

 

डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिकी प्रेसिडेंट बनने में उनकी बेटी इवांका का बहुत बड़ा हाथ है। कहा जाता है कि महिला वोटरों को रिझाने में इवांका ने काफी मदद की। इतना ही नहीं उन्होंने अपने पिता के इलेक्शन कैंपेन में भी बहुत काम किया। जब-जब विरोधियों ने ट्रंप पर सवाल खड़े किए, तब-तब इवांका ने ही अपने पिता का बचाव किया। अक्टूबर 2015 में जब इवांका से अपने पिता के प्रेसिडेंट बनने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि "पापा जो कर रहे हैं, वो एक सिटीजन के तौर पर मुझे पसंद है, लेकिन एक बेटी के लिए ये काफी मुश्किल है।" 

 

ट्रंप की पहली पत्नी की बेटी हैं इवांका

 

 

इवांका डोनाल्ड ट्रंप की पहली पत्नी इवाना की बेटी हैं। इवांका जब 10 साल की थी, तब उनके माता-पिता का तलाक हो गया। इवांका की मां भी एक मॉडल थी और शायद यही कारण है कि इवांका भी एक अच्छी मॉडल हैं। बताया जाता है जब इवांका 15 साल की थी, तभी से उन्होंने मॉडलिंग करना शुरू कर दिया था। पहली बार इवांका 16 साल की उम्र में Seventeen मैग्जीन के कवर पेज पर दिखाई दी थीं। मॉडल होने के अलावा इवांका एक फेमस सेलिब्रेटी, राइटर, फैशन डिजायनर और बिजनेसवुमेन भी हैं। 

 

2 हजार करोड़ की मालकिन हैं इवांका

 

 

 
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका खुद एक बड़ी बिजनेसवुमन हैं और उन्होंने अपनी मेहनत से एक कंपनी खड़ी की है। इवांका ट्रंप करीब 2 हजार करोड़ की मालकिन हैं। इसके अलावा उनके नाम पर एक बड़ा फैशन ब्रांड भी है, जो अमेरिका में काफी पॉपुलर है। इवांका ब्रांड में कपड़े, जूते, हैंडबैग्स, ज्वेलरी मिलती है। इसके साथ ही इवांका के पति जैरेड कुशनर भी एक रियल एस्टेट बिजनेसमैन हैं। जैरेड भी इवांका के साथ-साथ ट्रंप सरकार में एडवाइजर के तौर पर हैं। 
 

Similar News