नाइजीरिया: अगवा की गईं 279 स्कूली छात्राएं रिहा, अज्ञात बंदूकधारियों ने किया था किडनैप

नाइजीरिया: अगवा की गईं 279 स्कूली छात्राएं रिहा, अज्ञात बंदूकधारियों ने किया था किडनैप

Bhaskar Hindi
Update: 2021-03-02 18:25 GMT
नाइजीरिया: अगवा की गईं 279 स्कूली छात्राएं रिहा, अज्ञात बंदूकधारियों ने किया था किडनैप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीते सप्ताह नाइजीरिया के जाम्फ्रा में अगवा स्कूली छात्राओं को रिहा करा लिया गया है। सुरक्षा और आंतरिक मामलों के स्टेट कमिश्नर अबुबकर मोहम्मद दुरान ने बीबीसी को बताया कि कुल 279 बच्चों को रिहा कर दिया गया है जो फिलहाल राज्य की राजधानी गौसू में हैं। शुक्रवार को नाइजीरिया के उत्तर पश्चिम के शहर जाम्फ्रा के जेंगेबे में बंदूकधारियों ने एक बोर्डिंग स्कूल पर हमला कर 300 से अधिक छात्राओं को बंदूक का नोक पर अगवा कर लिया था।

पता नहीं चला लड़कियों को छुड़ाने के लिए कोई फिरौती दी गई या नहीं 
इससे पहले अबुबकर मोहम्मद दुरान ने कहा था कि अगवा की गई 317 छात्रों के बारे में पता लगा लिया गया है। लेकिन, अब तक जो जानकारी मिली है उसके अनुसार कोई और छात्रा अब हमलावरों के कब्जे में नहीं है।

हालांकि अब तक ये पता नहीं चला है कि लड़कियों को छुड़ाने के लिए कोई फिरौती दी गई है या नहीं। गवर्नर मटावाले ने इस बात से इनकार किया है कि लड़कियों को रिहा कराने के लिए किसी तरह की कोई रकम दी गई है। लेकिन, पिछले सप्ताह राष्ट्रपति मोहम्मद बुहारी ने स्वीकार किया था कि पहले कई बार राज्य सरकार ने अपहरणकर्ताओं को रिहाई के लिए पैसे और गाड़ी दिए थे। राष्ट्रपति ने गुहार लगाई थी कि इस नीति पर पुनर्विचार होना चाहिए। अधिकारियों ने बीबीसी को बताया कि सरकार और अपहरणकर्ताओं के बीच बातचीत के बाद ही इन लड़कियां की रिहाई संभव हो सकी है।

कुछ लड़कियां अगवा किए जाने के फौरन बाद ही भागने सफल हो गईं थीं
अधिकारियों ने कहा कि कुल 279 स्कूली छात्राओं को रिहा किया गया है और पहले पुलिस ने स्कूली छात्राओं के अगवा किए जाने के बारे में जो 317 की संख्या दी थी वह सही नहीं है।एक अधिकारी ने बताया कि संख्या में गड़बड़ी की एक वजह यह थी कि कुछ लड़कियां अगवा किए जाने के फौरन बाद ही वहां से भागने में सफल हो गईं थीं।

खबर में खास

  • इससे पहले नाइजर राज्य के गवर्नमेंट साइंस कॉलेज कगारा से 17 फरवरी को अगवा किए गए 24 छात्र, छह कर्मचारी और अन्य लोगों को शनिवार को दिन रिहा कर दिया गया था।दिसंबर में उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया के कंकारा में एक माध्यमिक स्कूल के 300 से अधिक स्कूली बच्चों को अगवा कर लिया गया था और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। 
  • सबसे कुख्यात अपहरण अप्रैल 2014 में हुआ था, जब बोर्नो राज्य के एक माध्यमिक स्कूल से आतंकी संगठन बोको हराम के जिहादी विद्रोहियों द्वारा 276 लड़कियों का अपहरण कर लिया गया था। उनमें से 100 से अधिक लड़कियां अभी भी लापता हैं। 
  • बोको हराम पश्चिमी शिक्षा का विरोधी है और इसके लड़ाके अक्सर स्कूलों को निशाना बनाते हैं। पश्चिमोत्तर नाइजीरिया में इस आतंकी संगठन का दबदबा माना जाता है। हाल के दिनों में एक अपराधी गुट को अपहरण की इन घटनाओं से जोड़ कर देखा जा रहा है।
Tags:    

Similar News