अनाथ बच्चियों को पहले पाला और फिर किया 729 बार बलात्कार

अनाथ बच्चियों को पहले पाला और फिर किया 729 बार बलात्कार

Bhaskar Hindi
Update: 2017-06-25 09:30 GMT
अनाथ बच्चियों को पहले पाला और फिर किया 729 बार बलात्कार

टीम डिजिटल, मॉस्को। रूस में एक व्यक्ति ने 5 अनाथ बच्चियों को पाला-पोसा और फिर उनके साथ ही बलात्कार किया। इस व्यक्ति पर 729 बार बलात्कार करने का आरोप है। ख़बरों के मुताबिक ये सभी लड़कियां 17 साल से कम उम्र की हैं। इन लड़कियों को एक सरकारी योजना के तहत अनाथालय से इस शख्स के पास भेजा गया था। आरोपी ने इनके परवरिश की जिम्मेदारी ली थी और इसके बदले उसे सरकार की ओर से फंड भी दिया जाता था। आरोपी ने 5 साल में इन लड़कियों के साथ 729 बार बलात्कार किया।

यह मामला तब सामने आया जब इनमें से एक लड़की ने यह बात अपनी स्कूल टीचर को बताई। स्कूल टीचर ने इसकी शिकायत पुलिस में की, जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई। कानूनी कारणों से पुलिस ने अभी आरोपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। उसके खिलाफ 729 बार बलात्कार करने के अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।

जांच अधिकारी ने बताया कि सितंबर 2012 से फरवरी 2017 के बीच आरोपी ने पांचों पीड़िताओं का गंभीर शारीरिक शोषण किया। जांचकर्ताओं की अपील के बाद अदालत ने आरोपी की गिरफ्तारी का आदेश दिया है। जिन लड़कियों के साथ कथित तौर पर यह अपराध हुआ, उन्हें एक अनाथालय से बाल पालन गृह भेजा गया था।आरोपी ने उनके पालन-पोषण की जिम्मेदारी ली थी। इसके अलावा स्थानीय बाल कल्याण विभाग पर भी इन लड़कियों के मामले में लापरवाही बरतने का आरोप है। विभाग के खिलाफ भी जांच चल रही है।

एक अंग्रेजी अख़बार के मुताबिक, सरकार की ओर से बच्चियों की देखभाल के लिए आरोपी को हर महीने प्रति बच्ची 22 हजार रुपये दिए जाते थे। कई खबरों में यह भी कहा जा रहा है कि आरोपी पहले एक महिला के साथ रहता था और उस महिला ने भी 3 बच्चों की देखभाल का जिम्मा लिया हुआ था। क्षेत्रीय शिक्षा मंत्री का कहना है कि इससे पहले हुई जांच में कोई शिकायत नहीं पाई गई थी। उन्होंने बताया कि पांचों लड़कियों को वापस अनाथालय भेज दिया गया है।

Similar News