खाना बांटते समय मची भगदड़, 15 लोगों की मौत, 10 घायल

खाना बांटते समय मची भगदड़, 15 लोगों की मौत, 10 घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-20 12:00 GMT
खाना बांटते समय मची भगदड़, 15 लोगों की मौत, 10 घायल

डिजिटल डेस्क, रबात। मोरक्को के एक शहर में खाना बांटते समय अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में अब तक 15 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है, जबकि हादसे में 10 से अधिक लोगों के घायल होने के बारे में बताया जा रहा है। यह घटना मोरक्को के दक्षिणी प्रांत एसोयूरा में हुई है। मृतकों में अधिकतर महिलाएं और बुजुर्ग हैं।

मोरक्को TV चैनल 2एम के हवाले से बताया गया है कि यह भगदड़ सिदी बुलआलम गांव में उस समय हुई, जब स्थानीय लोग खाना लेने के लिए तेजी से जा रहे थे। मोरक्को के किंग मोहम्मद चतुर्थ ने पीड़ित परिवारों की मदद के निर्देश दिए हैं। सभी मृतकों के अंतिम क्रियाक्रम और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने का खर्च किंग देंगे।

स्थानीय मीडिया के अनुसार शहर में जो खाना बंट रहा था, उसकी कीमत प्रति व्यक्ति 1000 रुपए से ऊपर थी। रीजनल हेल्थ डॉयरेक्टर खालिद जेंजारी ने एपी को बताया कि घायलों में से 6 को एसोयूरा के शहरी अस्पताल ले जाया गया है। बाकी सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है। मृत लोगों के शव को प्रशासन ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है।

बता दें कि उत्तरी अफ्रीकी देशों में खाद्य वितरण बेहद आम है, खासतौर पर दूरदराज के इलाकों में तो स्थिति काफी भयावह हो गई है। ये वितरण निजी स्तर पर, सामूहिक स्तर पर या प्रशासनिक स्तर पर किए जाते हैं। मोरक्को में हाल में ही पड़े सूखे की वजह से बुनियादी खाद्य वस्तुओं की कीमत भी आसमान तक पहुंच गई है।

मोरक्को के अधिकारियों के अनुसार मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं, "घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसका जिम्मेदार कौन है, इसकी जांच की जा रही है।

आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि "पीड़ितों और घायलों को आवश्यक मदद और उनके परिजनों को सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।

Similar News