ताइवान में भीषण रेल हादसा, 22 लोगों की मौत, 171 घायल

ताइवान में भीषण रेल हादसा, 22 लोगों की मौत, 171 घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-10-21 15:37 GMT
ताइवान में भीषण रेल हादसा, 22 लोगों की मौत, 171 घायल
हाईलाइट
  • 366 यात्रियों को ले जा रही ट्रेन नं 6432 पुयुमा एक्सप्रेस शाम 4:50 बजे पटरी से उतर गई।
  • इस हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई
  • वहीं 171 लोग घायल हो गए हैं।
  • ताइवान में एक बड़ा रेल हादसा हो गया है।

डिजिटल डेस्क, ताइपे। ताइवान में एक बड़ा रेल हादसा हुआ। स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार को देश के नॉर्थईस्ट इलाके में एक ट्रेन पटरी से उतर गई। इस हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई, वहीं 171 लोग घायल हो गए हैं। ताइवान के रेलवे प्रशासन ने बताया कि 366 यात्रियों को ले जा रही ट्रेन नं 6432 पुयुमा एक्सप्रेस शाम 4:50 बजे पटरी से उतर गई। ताइवान के मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रेन के नीचे अभी भी 30 से अधिक लोग दबे हुए हैं। 

ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। मंत्रालय ने बताया कि बचाव कार्य में मदद के लिए 120 सैनिक भेजे जा चुके हैं। वहीं ताइवान के राष्ट्रपति साई इंग-वेन ने इस दुर्घटना को बड़ी त्रासदी बताया है। राष्ट्रपति ने ट्वीट द्वारा संवेदना प्रकट की है। उन्होंने लिखा, "मेरी संवेदनाएं सभी पीड़ित और उनके परिवार वालों के साथ हैं। मरने वालों की आत्मा को शांति मिले।"

ताइवान के डिफेंस स्पोक्सपर्सन चेन चुंग-ची ने कहा कि ट्रेन के सभी आठ डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसमें से पांच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ डिब्बे तो एक के ऊपर चढ़ गए और डिब्बे के अंदर फंसने की वजह से कई लोगों की मौत हो गई। चेन ने बताया कि सैनिकों ने डिब्बों को पटरी से हटा दिया है, लेकिन रात पड़ने की वजह से बचाव कार्य में परेशानी आ रही है।

ताइवान रेलवे प्रशासन के प्रमुख जेसन लू ने संवाददाताओं से कहा, "चार डिब्बे 90 डिग्री पर पलट गए थे और इन डिब्बों से ही सबसे ज्यादा शव बरामद हुई है।" ताइवान सरकार के मुतबिक यह 1991 के बाद सबसे भीषण रेल हादसा है। 1991 में ताइवान के मियोली में दो ट्रेन टकरा गई थी, जिसमें 30 यात्रियों की मौत हो गई थी और 112 घायल हो गए थे।

Similar News