अंडरवाटर रोबोट ने खोजा 300 साल पुराना जहाज, भरा है 1 लाख 16 हजार करोड़ का खजाना

अंडरवाटर रोबोट ने खोजा 300 साल पुराना जहाज, भरा है 1 लाख 16 हजार करोड़ का खजाना

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-24 19:33 GMT
अंडरवाटर रोबोट ने खोजा 300 साल पुराना जहाज, भरा है 1 लाख 16 हजार करोड़ का खजाना

डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। एक अंडरवाटर रोबोट सबमरीन ने कैरेबियन सागर में 300 साल पुराना एक स्पेनिश गैलेन जहाज खोजा है। बड़ी बात यह है कि यह पूरा जहाज सोने-चांदी और एमरॉल्ड से भरा हुआ है। इस जहाज में लदे खजाने की कीमत 17 बिलयन डॉलर यानी करीब 1 लाख 16 हजार करोड़ के पार आंकी जा रही है। वुड्स होल ओशियनोग्राफिक इंस्टिट्यूशन (WHOI) की अंडरवाटर रोबोट सबमरीन ने इस खजाने से भरे जहाज को आज से ढाई साल पहले यानी नवंबर 2015 में खोजा था लेकिन पहली बार बुधवार (23 मई) को रिसर्चरों ने इस बात का खुलासा किया।

जिस रोबोट सबमरीन ने यह जहाज खोजा है, उसका नाम रेमस-6000 है। यह सबमरीन समुद्र में 4 मील अंदर तक डाइव कर सकती है। यह सबमरीन पूरी तरह से सेंसर और कैमरों से लैस है। जहाज की खोज के बारे में बताया गया है कि सबमरीन ने सतह से करीबी 2000 फीट नीचे इस जहाज को खोजा। सबमरीन के सेंसर और कैमरों ने प्राचीन जहाज की डॉलफिन्स उकेरी हुईं तोपों को सबसे पहले कैच किया।

जिस समय सबमरीन ने जहाज की तोपों को खोजा, उस समय सबमरीन पर WHOI के रिसर्च इंजीनियर जैफ कैली थे। उन्होंने बताया कि जहाज को देखकर वे 10 मिनट तक बैठा रहा और खुश होता रहा। उन्होंने बताया, "मैं कोई मरीन आर्कियोलॉजिस्ट नहीं हूं, लेकिन मैं जानता हूं कि तोपें कैसी दिखती हैं। इसलिए उस समय मैं वह शख्स था जो समझ गया था कि हमनें एक पुराने समय के डूबे हुए जहाज को खोज लिया है।"

जहाज की कैरेबियन सागर में लोकेशन को अभी भी गुप्त रखा गया है। अगले सोमवार तक इसके बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध कराने की बात सामने आई है। बता दें कि खोजे गए जहाज का नाम "सेन जोस" है, जो करीब 62 तोपों से सजा हुआ था। यह स्पेनिश गैलेन जहाज युद्ध और कीमती सामान लाने ले जाने में काम आता था। सत्रहवीं शताब्दी में यह जहाज कैरेबियन सागर में डूब गया था।

Similar News