चीन को अमेरिका की चेतावनी- दबंगई बर्दाश्त नहीं करेंगे

चीन को अमेरिका की चेतावनी- दबंगई बर्दाश्त नहीं करेंगे

Bhaskar Hindi
Update: 2018-02-16 18:03 GMT
चीन को अमेरिका की चेतावनी- दबंगई बर्दाश्त नहीं करेंगे

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। भारत के पड़ोसी मुल्क चीन को लेकर अमेरिका की तरफ से कड़ा बयान सामने आया है। अमेरिका में ट्रंप प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि उनका देश चीन को एशियाई देशों को ‘परेशान’ करने या उन पर ‘दबंगई’ करने की अनुमति नहीं देगा। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि एशिया में अमेरिका को विस्थापित करने और क्षेत्र में देशों पर बलप्रयोग करने की चीन की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शुक्रवार को डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की सीनियर अधिकारी सुसान थार्नटन ने कहा कि अमेरिका चीन के साथ सकारात्मक संबंध चाहता है। लिहाजा दोनों देशों को अपने मतभेदों को सुलझाने के लिए काम करना चाहिए। पूर्व एशियाई एवं प्रशांत मामलों की कार्यवाहक सहायक सुसान थार्नटन ने ये बात सीनेट की फॉरेन रिलेशंस कमेटी के सदस्यों के समक्ष सुनवाई के दौरान कही। उन्होंने आगे कहा कि एशिया से अमेरिका को दूर करने और क्षेत्र के देशों को धमकाने की चीन की कोशिशों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सुसान ने कहा, ‘चीन के उदय को सक्षम बनाने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रणाली यदि जारी रहती है, तो नियमों एवं मानकों का पालन किया जाना चाहिए और देशों को परेशान किया या डराया नहीं जाना चाहिए, बल्कि उनके साथ समानता का व्यवहार होना चाहिए।’  सुसान थार्नटन ने कहा कि वर्तमान में एशिया-प्रशांत क्षेत्र सुरक्षा संबंधित खतरों और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है। उत्तर कोरिया की ओर से तनाव और खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। महत्वाकांक्षी चीन के उदय और आतंकवाद के बढ़ने से भी क्षेत्र में खतरा बढ़ा है। हालांकि कई वर्षों तक एशिया क्षेत्र में शांति और समृद्धि रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका एशिया प्रशांत क्षेत्र के हित के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी रहेगा।

बता दें कि दक्षिण चीन सागर मामले को लेकर चीन लगातार पड़ोसी मुल्कों को धमका रहा है और दबाव बना रहा है। चीन इस पर अपना अधिकार बताता है। जबकि वियतनाम, फिलिपींस, मलेशिया, ब्रुनेई और ताइवान भी इस पर अपना अधिकार जता रहे हैं। इसके अलावा सीमा विवाद को लेकर भी चीन के भारत समेत कई देशों के साथ विवाद है।
 

Similar News