डोनाल्ड ट्रंप की इमीग्रेशन नीति के विरोध में स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी पर चढ़ी महिला

डोनाल्ड ट्रंप की इमीग्रेशन नीति के विरोध में स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी पर चढ़ी महिला

Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-05 15:36 GMT
डोनाल्ड ट्रंप की इमीग्रेशन नीति के विरोध में स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी पर चढ़ी महिला

डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक महिला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की "जीरो टॉलरेंस" नीति के विरोध में स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी पर चढ़ गईं। महिला को न्यूयॉर्क पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बता दें कि मेक्सिको सीमा पर प्रवासी माता-पिता को ट्रंप की नीति के तहत बच्चों से अलग किया जा रहा है। पुलिस ने महिला को पहले समझाने की कोशिश की। इसके बाद अफसर रस्सी के सहारे ऊपर चढ़े और महिला को जबरन उतारा। बता दें कि स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी की ऊंचाई 305.6 फीट है। महिला 200 फीट तक चढ़ने में कामयाब हो गई थी।

 

3000 पर्यटक वापस लौटे

महिला की पहचान पैट्रिसिया ओकोउमू के तौर पर की गई है। महिला करीब तीन घंटे तक वहां बैठी रही। महिला को नीचे उतारने के लिए 16 अफसरों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान महिला ने स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से कूद जाने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद वहां मौजूद करीब करीब 3000 पर्यटकों को लौटा दिया गया। बता दें कि बीते दिन 4 जुलाई (स्वतंत्रता दिवस) के दिन यहां पर सबसे ज्यादा भीड़ होती है। इस दिन यहां करीब 22 हजार पर्यटक आते हैं। 

 
 

 

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। पैट्रिसिया ट्रंप की नीति का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों के समूह का हिस्सा थी और उसने कहा था कि वह जब तक नीचे नहीं आएगी जब तक सभी बच्चों को डिटेंशन सेंटर से रिहा नहीं किया जाता। इस नीति के विरोध में एक रैली का आयोजन भी किया गया था। ग्रुप के अनुसार स्‍टैचू में चढ़ना प्रदर्शन का हिस्‍सा नहीं था। बता दें कि मां-बाप से बच्चों को इमीग्रेशन नीति के तहत अलग करने के ट्रंप के फैसले का विरोध अमेरिका के साथ दूसरे देशों में भी हो रहा है। महिला भी अमेरिका में एक प्रवासी है और कुछ साल पहले कांगो से वह अमेरिका आई थीं। 

Similar News