रूस-यूक्रेन युद्ध: अमेरिका को पुतिन की चेतावनी, बोले - यूक्रेन को सैन्य सहायता देने पर भुगतने होंगे बुरे परिणाम, परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की कही बात

  • पुतिन ने अमेरिका को दी परमाणु हमले की धमकी
  • यूक्रेन को हथियार सप्लाई न करने की कही बात
  • दो साल से जारी है रूस और यूक्रेन के बीच जंग

Anchal Shridhar
Update: 2024-03-13 20:06 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जंग दो साल से जारी है। इस युद्ध में यूक्रेन का साथ दे रहे पश्चिमी देशों खासकर अमेरिका को पुतिन ने चेतावनी दी है। रूसी राष्ट्रपति ने कहा है कि अमेरिका समेत अन्य पश्चिमी देशों का यूक्रेन में हथियारों की सप्लाई करना दुनिया को परमाणु युद्ध के खतरे की तरफ ले जाना है। उन्होंने कहा, यदि अमेरिका अपने सैनिकों को यूक्रेन में भेजेगा तो इससे जंग और बढ़ सकती है। इसके साथ ही उन्होंने साफ कहा कि यूक्रेन में अपने टारगेट पाए बिना रूस हमला बंद नहीं करेगा।

रूस की न्यूज एजेंसी आरआईए से बातचीत के दौरान जब राष्ट्रपति पुतिन से सवाल पूछा गया कि क्या रूस परमाणु युद्ध के तैयार है? तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, 'फिलहाल हम परमाणु युद्ध की ओर नहीं बढ़ रहे हैं। न हमें अब तक इसकी जरूरत महसूस हुई। लेकिन यदि मिलिट्री या तकनीक के आधार पर कहा जाए तो हम इसके लिए तैयार हैं। अमेरिका इस बात को समझता है कि अगर उसने रूसी या यूक्रेन में अमेरिकी सैनिकों को भेजा तो रूस इस कदम को उसके अभियान में बाधा डालना समझेगा।'

हमला होने पर करेंगे परमाणु हथियारों का इस्तेमाल

पुतिन ने आगे कहा, 'हमारे पास परमाणु हथियार इस्तेमाल करने के लिए ही मौजूद हैं। हालांकि, इनके इस्तेमाल को लेकर हमारे अपने सिद्धांत हैं। यदि रूस पर किसी देश ने परमाणु या दूसरे ऐसे ही हथियारों से हमला किया तो रूस भी जवाब में अपने परमाणु हथियार का इस्तेमाल कर सकता है।' उन्होंने कहा, 'यदि रूस का अस्तित्व खतरे में पड़ेगा तो हम अपनी रक्षा करने के जरूरी कदम जरुर उठाएंगे।' यूक्रेन के साथ बातचीत के सवाल पर उन्होंने कहा, 'हम यूक्रेन के साथ पूरी गंभीरता से बातचीत करने को तैयार हैं, लेकिन यह बात आज की सच्चाई पर आधारित होनी चाहिए।'

वहीं परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को लेकर पुतिन ने कहा, 'यदि अमेरिका परमाणु परीक्षण करेगा तो मुमकिन है कि हम भी ऐसा ही करें। हालांकि, अमेरिका में रूसी-अमेरिकी संबंधों को लेकर रणनीतिक संयम के क्षेत्र में कई विशेषज्ञ हैं। इसलिए मुझे नहीं लगता कि बात परमाणु युद्ध तक पहुंचेगी।' बता दें कि अमेरिका और रूस दोनों ही परमाणु हथियार संपन्न देश हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन दोनों ही देशों के पास दुनिया के 90 फीसदी परमाणु हथियार हैं। 

Tags:    

Similar News