101 दिन पहले देश में दीपोत्सव: भूमिपूजन के बाद राम की पैड़ी डेढ़ लाख दीयों से रोशन, देशभर में घर-घर जलाए दीप

101 दिन पहले देश में दीपोत्सव: भूमिपूजन के बाद राम की पैड़ी डेढ़ लाख दीयों से रोशन, देशभर में घर-घर जलाए दीप

Bhaskar Hindi
Update: 2020-08-05 19:50 GMT
101 दिन पहले देश में दीपोत्सव: भूमिपूजन के बाद राम की पैड़ी डेढ़ लाख दीयों से रोशन, देशभर में घर-घर जलाए दीप

डिजिटल डेस्क, अयोध्या। अयोध्या में बुधवार को राम मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधारशिला रखी। इसके साथ ही देशभर में लोगों ने 101 दिन पहले दीपावली मनाई। लोगों ने घर-घर दीप जलाए और आतिशबाजी भी की। वहीं राम की पैड़ी पर शाम को एक साथ डेढ़ लाख दीप जगमगाए। राम की पैड़ी पर राम भक्तों का तांता लगा हुआ था। भूमि पूजन के दिन राम भक्तों ने दीपदान में गजब का उल्लास दिखाया। अयोध्या धाम के मंदिरों के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर दीपदान हुए।

वहीं संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शिलान्यास कार्यक्रम के बाद शाम को सदयू तट पर आरती की। इससे पहले शिलान्यास कार्यक्रम में मंच से लोगों को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने अपने भाषण की शुरुआत में ही भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंदिर आंदोलन के प्रणेता रहे लाल कृष्ण आडवाणी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आज आनंद का क्षण है। सभी लोग आनंदित हैं कि जो संकल्प लिया था वह आज पूरा हो रहा है।

अयोध्या में भक्तों का उत्साह हिलोरे मार रहा है। दिनभर रामनाम का उद्घोष होता रहा। बीच-बीच में राम का विश्वास, मंदिर का शिलान्यास, अयोध्या का वंदन, कृपा करो रघुनंदन, रामलला हम आ रहे, मंदिर वहीं बना रहे, जैसे गढ़े हुए तमाम नारे भी गूंजते रहे। शाम होते ही हनुमान गढ़ी के दर्शन के लोग टूट पड़े। कड़े सुरक्षा पहरे के बावजूद लोग हनुमानगढ़ी के रास्ते पर उमड़ पड़े। जगह-जगह रंगोली संजोई गई है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राम मंदिर शिलान्यास कार्यक्रम के बाद शाम को लखनऊ में अपने आधिकारिक आवास पर पटाखे जलाए। इससे पहले शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री ने बता दिया कि किस प्रकार से सभी को साथ लेकर समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अनेक पीढ़ियां चली गईं इस क्षण के इंतजार में। बहुत लंबा संघर्ष चलता रहा और आज पीएम मोदी की कोशिश के कारण यह संभव हो पाया है। मैं हृदय से उनका स्वागत करता हूं।

गुजरात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन ने आज गांधीनगर में अपने निवास पर, आज संपन्न हुए राम मंदिर "भूमि पूजन" का लाइव टेलीकास्ट देखा।

PM मोदी की मां हीराबेन ने राम मंदिर भूमि पूजन पर मनाई खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन कर मंदिर की नींव रखी। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन (Heeraben) भी टेलीविजन पर बेटे के हाथों हो रहे भूमि पूजन समारोह को देख रहीं थीं। मां हीराबेन ने पीएम मोदी के अयोध्या पहुंचने के बाद से लेकर सभी कार्यक्रम को लगातार देखा। इसके बाद शाम को दीपक जलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

 

अयोध्या: हनुमान मंदिर के पास लोगों ने जलाए दीपक
हनुमान मंदिर के पास दीपोत्सव के मौके पर लोगों ने दीपक जलाए। गलियां रोशनी से जगमग हैं।

अयोध्या में भूमि पूजन की खुशी, राम की पैड़ी पर उमड़ा जन सैलाब
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन के बाद अयोध्या में हर तरफ खुशी का आलम है। देर शाम राम की पैड़ी पर राम भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।

प्रयागराज में दिखी राम मंदिर भूमि पूजन की धूम
अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन की धूम प्रयागराज में भी दिख रही है। प्रयागराज में अलग-अलग जगहों पर दिवाली मनाई गई।

राम मंदिर का निर्माण शुरू होने पर दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में दिवाली
अयोध्या में भव्य राम मंदिर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूमि पूजन के बाद शिलान्यास किया। अब मंदिर निर्माण शुरू हो जाएगा। इस मौके पर दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में दिवाली मनाई गई।

 

 

 

राम मंदिर एक सपने जैसा ही लगता था, लेकिन आज सपना सच में बदल गया है। लगता था कि कभी राम जन्मभूमि पर मंदिर बन पाएगा, तमाम तरह की आशंकाएं होती थी कि दंगा हो जाएगा। लेकिन आज एक दृढ़ इच्छा शक्ति वाली सरकार केंद्र में आई है, वो सपना सच हो गया है। उत्तराखंड CM त्रिवेंद्र सिंह रावत

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Tags:    

Similar News