'120 से ज्यादा BJP-संघ कार्यकर्ताओं की हत्या के दोषी हैं CM विजयन'

'120 से ज्यादा BJP-संघ कार्यकर्ताओं की हत्या के दोषी हैं CM विजयन'

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-03 14:33 GMT
'120 से ज्यादा BJP-संघ कार्यकर्ताओं की हत्या के दोषी हैं CM विजयन'

डिजिटल डेस्क, तिरुअनंतपुरम्। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह मंगलवार से केरल के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। अमित शाह ने अपन दौरे की शुरुआत कन्नूर के राजराजेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना से की। इसके बाद उन्होंने केरल में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं की तस्वीरों की प्रदर्शनी में भाग लिया। अमित शाह ने इस दौरान केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हिंसक हमलों के विरोध में 15 दिवसीय जन रक्षा यात्रा की शुरुआत की। शाह ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि जब से केरल में वामपंथी सरकार है तब से अब तक 120 से भी ज्यादा भाजपा और संघ कार्यकर्ताओं की हत्या की जा चुकी है, इन सब के लिए सीएम विजयन ही दोषी हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ भी बुधवार को कन्नूर पहुंच कर इस जनरक्षा यात्रा में भाग लेंगे।

 

भाजपा अध्यक्ष हाल ही में गुजरात में गौरव यात्रा का बिगुल बजाने के बाद केरल दौरे पर हैं। जन रक्षा यात्रा को शुरू करते ही उन्होंने राज्य की कम्यूनिस्ट सरकार को निशाने पर लिया। राज्य में संघ और कम्यूनिस्ट कार्यकर्ताओं के बीच जारी हिंसा को गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि जब-जब केरल में कम्युनिस्ट गठबंधन की सरकार आती है, तब-तब यहां भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं पर हमले होते हैं। उन्होंने कम्युनिस्ट पार्टी को आत्ममंथन की सलाह दी। अमित शाह ने कहा कि वामपंथी जितनी हिंसा फैलाएंगे, राज्य में उतना ही कमल खिलता जाएगा।

 

अमित शाह ने कहा, "बीजेपी-संघ कार्यकर्ता पर हमलों के विरोध में हम यह जन रक्षा यात्रा निकाल रहे हैं। आज से लेकर 17 अक्टूबर तक जनरक्षा यात्रा केरल के विभिन्न जगहों तक जाएगी। यह कम्युनिस्ट हिंसा के खिलाफ केरल की जनता को एकजुट करेगी। जनरक्षा यात्रा केवल केरल के कार्यकर्ताओं की नहीं, देश के 11 करोड़ बीजेपी कार्यकर्ताओं की यात्रा है।" अमित शाह ने आगे कहा कि केरल शांति की धरती है लेकिन आज यह भूमि रक्तरंजित हो गई है। उन्होंने कहा कि अकेले केरल सीएम के जिले में 84 लोगों की हत्या कर दी गई है। इसीलिए यह यात्रा केरल सीएम के जिले कन्नूर से शुरू की गई है।

 

शाह की यात्रा के दौरान सीपीआई (एम)  के कार्यकर्ताओं ने तीन भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया है।भाजपा कार्यकर्त्ता गंभीर रूप से जख्मी बताए जा रहे हैं। यह घटना कसारगोड जिले में घटित हुई, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Similar News