प्रियरंजन दासमुंशी का निधन, Fashion TV को 3 महीनों के लिए कर दिया था बैन

प्रियरंजन दासमुंशी का निधन, Fashion TV को 3 महीनों के लिए कर दिया था बैन

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-20 12:02 GMT
प्रियरंजन दासमुंशी का निधन, Fashion TV को 3 महीनों के लिए कर दिया था बैन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के सीनियर लीडर प्रियरंजन दासमुंशी का निधन हो गया है। वे 9 साल से कोमा में थे। राजीव गांधी और मनमोहन सिंह सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे प्रियरंजन दासमुंशी ने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर कांग्रेस, बीजेपी समेत तमाम पार्टियों ने शोक जताया है।

प्रियरंजन दास मुंशी को अक्टूबर 2008 में दिल का दौरा पड़ा था। उसके बाद से ही वे कोमा में चले गए थे। 2014 में बीजेपी सरकार बनने के बाद से उनके स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च का वहन केन्द्र सरकार ही कर रही थी। 2004 में मनमोहन सिंह सरकार में वे संसदीय कार्यमंत्री और सूचना और प्रसारण मंत्री थे। इस दौरान अपने कुछ फैसलों के चलते वे कंट्रोवर्सी में रहे। उन्होंने फैशन टीवी और AXN को भारत में तीन महीनों के लिए बैन कर दिया था। दासमुंशी All India Football Federation के 20 साल तक अध्यक्ष भी रहे।

प्रियरंजन दासमुंशी के परिवार में उनकी पत्नी दीपा दासमुंशी और बेटी प्रियदीप दासमुंशी हैं। दीपा दासमुंशी से उनकी  शादी साल 1994 में हुई थी। वर्तमान में दीपा पश्चिम बंगाल की रायगंज सीट से लोकसभा सांसद हैं।

प्रियरंजन दासमुंशी का जन्म 13 नवंबर, 1945 को बंगाल के चिरीबंदर में हुआ था। उस समय ब्रिटिश इंडिया का हिस्सा रहा यह क्षेत्र वर्तमान में बांग्लादेश में पड़ता है। वह पहली बार साल 1971 में दक्षिणी कोलकाता लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। 1984 में वे एक बार फिर लोकसभा सांसद चुने गए। दूसरी बार वे हावरा सीट से जीते। साल 1985 में पहली बार राजीव गांधी मंत्रिमंडल में मंत्रिपद सौंपा गया। इसके बाद उन्हें 1989 और 1991 के चुनावों में हार भी मिली। 1999 और 2004 में वे रायगंज से सांसद चुने गए।

प्रियरंजन दासमुंशी के निधन पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर शोक जाहिर किया है।

 

Similar News