Corona in India: पहली बार 24 घंटे में दो हजार से ज्यादा की मौत, 10974 नए केस, कुल मामले 3.54 लाख के पार

Corona in India: पहली बार 24 घंटे में दो हजार से ज्यादा की मौत, 10974 नए केस, कुल मामले 3.54 लाख के पार

Bhaskar Hindi
Update: 2020-06-17 04:18 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। यहां संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 3.54 लाख के पार पहुंच गया है। बुधवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान 10 हजार 974 मरीज मिले हैं और 2003 की मौत हुई है। कोरोना से एक दिन में मरने वालों की यह सबसे ज्यादा संख्या है। इसी के साथ देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 3 लाख 54 हजार 65 हो गई है। अब तक 11 हजार 903 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1 लाख 86 हजार 935 मरीज ठीक हुए हैं। देश में कोविड-19 के 1 लाख 55 हजार 227 मामले अभी भी सक्रिय हैं। 

देश में लगातार 6वें दिन कोरोना के 10 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। वहीं लगातार 9वें दिन इससे उबरने वाले लोगों की संख्या (1,86,934) सक्रिय मामलों (1,55,226) की तुलना में अधिक रही। भारत में रिकवरी दर भी 50 फीसदी के आंकड़े को पार कर गई है।

महाराष्ट्र देश का सबसे प्रभावित राज्य है, जहां अब तक कुल 1,13,445 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 5537 मौतें हो चुकी हैं। राज्य में बीते 24 घंटे में 1409 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 2701 नए मामले सामने आए हैं। वहीं कोविड-19 के करीब 48,019 मामलों के साथ तमिलनाडु और फिर 44,688 मामलों के साथ राष्ट्रीय राजधानी का स्थान आता है। दिल्ली में बीते 24 घंटों में 1,859 नए मामले सामने आए हैं, जबकि अब तक 1837 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोना के 10 हजार से अधिक मामलों वाले राज्यों में 24,576 मामलों के साथ गुजरात, जहां 1,533 मौतें, उत्तर प्रदेश (14,091), राजस्थान (13,216), मध्य प्रदेश (11,083) और पश्चिम बंगाल (11,909) शामिल हैं।

Tags:    

Similar News