झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर काउंटिंग आज, एग्जिट पोल में 'त्रिशंकु विधानसभा'

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर काउंटिंग आज, एग्जिट पोल में 'त्रिशंकु विधानसभा'

Bhaskar Hindi
Update: 2019-12-22 17:54 GMT
झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर काउंटिंग आज, एग्जिट पोल में 'त्रिशंकु विधानसभा'

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित किए जाएंगे। मतगणना के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 24 जिला मुख्यालयों पर सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। अंतिम परिणाम दोपहर 1 बजे तक घोषित किए जाने की संभावना है। बता दें कि राज्य की 81 विधानसभा सीटें पर पांच चरणों में 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक वोटिंग हुई थीं।

मतगणना का अधिकतम दौर चतरा में 28 राउंड और सबसे कम दो राउंड चंदनकियारी और तोरपा सीटों पर होगा। निर्वाचन आयोग ने सभी जिला मुख्यालयों में इस बाबत इंतजाम कर लिए हैं। जिस सीट पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी, वह है जमशेदपुर पूर्वी सीट। मुख्यमंत्री रघुवर दास वर्ष 1995 से यहां से जीतते आ रहे हैं। उनके खिलाफ उनके पूर्व-कैबिनेट सहयोगी सरयू राय मैदान में हैं। राय ने पार्टी से टिकट कटने के बाद बगावत कर मुख्यमंत्री की राह का कांटा बनने का फैसला किया। 81 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत हासिल करने के लिए 41 का आंकड़ा जरूरी है।

इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में कांग्रेस गठबंधन को 38-50 जबकि बीजेपी को 22-32 सीटें मिलने का अनुमान एग्जिट पोल में जताया गया है। जेवीएम को 2 से 4 सीटें, आजसू को 3 से 5 और अन्य को 4 से 7 सीटें मिल सकती है। वोटिंग प्रतिशत की बात की जाए तो बीजेपी को 34 फीसदी, जेएमएम को 37 फीसदी, जेवीएम को 06 फीसदी और आजसू को 09 फीसदी वोट मिल सकते हैं।

सी-वोटर का अनुमान है कि कांग्रेस गठबंधन 31-39 सीटें हासिल करेगा, जबकि भाजपा को 28-36 सीटें मिल सकती है। AJSU को 3-7 सीटें और JVM को 1-5 सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। वोटिंग प्रतिशत की बात की जाए तो कांग्रेस गठबंधन को 37 प्रतिशत और बीजेपी को 34 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। जेवीएम को सात प्रतिशत और अन्य को 14 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।

कशिश न्यूज के एग्जिट पोल में भी कांग्रेस गठबंधन को 37-49 जबकि बीजेपी को 25-30 सीटें मिलने का अनुमान एग्जिट पोल में जताया गया है। आजसू को 2 से 4 और अन्य को 2 से 4 सीटें मिल सकती है। 2014 के झारखंड राज्य विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 37 सीटें जीतीं थी और उसके सहयोगी दल AJSU ने 5 सीटें हासिल की थी। JVM (P) ने 8 सीटें जीती (जिनमें से 6 विधायक बाद में बीजेपी में शामिल हो गए)। जेएमएम ने 19 सीटें जीती थीं और कांग्रेस 6 पर विजयी रही थी।

Tags:    

Similar News