कांग्रेस आईटी सेल के अभिषेक मिश्रा को दिल्ली पुलिस ने भोपाल से उठाया, MP सरकार की आपत्ति

कांग्रेस आईटी सेल के अभिषेक मिश्रा को दिल्ली पुलिस ने भोपाल से उठाया, MP सरकार की आपत्ति

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-23 19:19 GMT
हाईलाइट
  • कांग्रेस की आईटी सेल से जुड़े अभिषेक मिश्रा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
  • धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले पोस्ट करने के मामले में अभिषेक को गिरफ्तार किया गया है।
  • बिना सूचना दिए अभिषेक की गिरफ्तार पर मध्य प्रदेश सरकार ने ऐतराज जताया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े अभिषेक मिश्रा को भोपाल से गिरफ्तार किया है। उन पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखने का आरोप है। दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश पुलिस को जानकारी दिए बिना ही कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिस पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

दरअसल, मंगलवार रात कुछ लोग अभिषेक को उनके कोहेफिजा स्थित निवास 111 राजीव नगर, एनआरआई कॉलोनी से जबरदस्ती अपने साथ ले गए। अभिषेक के परिवार वालों को लगा कि किसी ने उनका अपहरण कर लिया है। उनके पिता अशोक मिश्रा ने तत्काल पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस भी इसे अपहरण का मामला मानकर चल रही थी। बुधवार को दिनभर भोपाल पुलिस अभिषेक की तलाश में परेशान होती रही, लेकिन शाम को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तारी की सूचना दे दी।

इस मामले को लेकर मप्र सरकार ने ऐतराज जताया है। गृहमंत्री बाला बच्चन ने इसे लेकर दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है। बाला बच्चन ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को जो पत्र लिखा है उसमें कहा गया है कि पूरे घटनाक्रम में ऐसा लगता है कि दिल्‍ली पुलिस की टीम ने गिरफ्तारी के समय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उचित रूप से पालन नहीं किया। स्थानीय पुलिस को गिरफ्तारी की सूचना नहीं दी और न ही अभिषेक मिश्रा के परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी, जिससे अपहरण की आशंका बनी। गृह विभाग के उप सचिव ने दिल्‍ली पुलिस कमिश्‍नर को भेजे गए पत्र में लिखा है कि दिल्‍ली पुलिस की इस नियम विरूद्ध कार्रवाई की जांच की जाए।

अभिषेक मिश्रा सोशल मीडिया कंपनी का संचालन करते हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। उन पर आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर मोदी सरकार के खिलाफ पोस्ट लिखते हैं। अभिषेक छतरपुर के रहने वाले हैं। राजधानी भोपाल में उनका दफ्तर है।

Similar News