हत्या के बाद सोशल मीडिया पर डॉक्टर ने रखा पत्नी को जिंदा, 6 महीने बाद पकड़ाया

हत्या के बाद सोशल मीडिया पर डॉक्टर ने रखा पत्नी को जिंदा, 6 महीने बाद पकड़ाया

Bhaskar Hindi
Update: 2018-12-24 12:28 GMT
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर डॉक्टर ने रखा पत्नी को जिंदा, 6 महीने बाद पकड़ाया
हाईलाइट
  • STF ने यूपी के गोरखपुर से एक नामी डॉक्टर को उसकी पत्नी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
  • इन्वेस्टिगेशन टीम को गुमराह करने के लिए डॉक्टर उसकी पत्नी का सोशल मीडिया अकाउंट ऑपरेट करता रहा।
  • मोबाइल लोकेशन के जिरए STF ने सुलझाई मर्डर मिस्ट्री

डिजिटल डेस्क, गोरखपुर। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने यूपी के गोरखपुर से एक नामी डॉक्टर धर्मेंद्र प्रताप सिंह को उसकी पत्नी राखी श्रीवास्तव की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। ये डॉक्टर करीब छह महीनों तक इन्वेस्टिगेशन टीम को गुमराह करने के लिए उसकी पत्नी का सोशल मीडिया अकाउंट खुद ऑपरेट करता रहा। STF ने खुलासा किया है कि इस डॉक्टर ने अपने दो कर्मचारियों के साथ मिलकर जून  में नेपाल में राखी की हत्या पहाड़ी से नीचे धकेलकर कर दी थी। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर और दोनों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन्होंने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।

मोबाइल लोकेशन से हुआ खुलासा
STF आईजी ने बताया कि राखी के भाई अमर प्रकाश ने शाहपुर थाने में 24 जून को उनकी बहन की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अमर प्रकाश ने राखी के दूसरे पति मनीष सिन्हा पर उनकी बहन को गायब करने का शक जाहिर किया था। हालांकि जब STF ने इसकी पड़ताल की तो शक की सुई डॉ. सिंह पर गई क्योंकि मोबाइल लोकेशन और कॉल डीटेल की जांच के बाद पता चला कि जिस समय वह गायब हुई हैं, उस समय डॉक्टर का लोकेशन नेपाल में था।

2011 में डॉक्टर ने की थी राखी से दूसरी शादी
राजेश्वरी उर्फ राखी श्रीवास्तव आरोपी डॉक्टर धर्मेंद्र प्रताप सिंह की दूसरी पत्नी थी। धर्मेंद्र प्रताप का गोरखपुर के दाऊदनगर में हॉस्पिटल है। 2006-07 में इसी अस्पताल में दोनों की मुलाकात हुई थी। दरअसल, राखी के पिता हरेराम श्रीवास्तव की तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें इसी हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। अपने पिता कि सेवा के लिए राखी अस्पताल में रुकी थी। अस्पताल से शुरू हुआ राखी और डॉक्टर की मुलाकात का दौर शारीरिक संबधो तक पहुंच गया। इसके बाद राखी ने डॉक्टर पर शादी करने का दबाव बनाया। शादीशुदा होने के बावजूद दबाव में आकर डॉक्टर ने फरवरी 2011 में गोंडा में राखी से दूसरी शादी कर ली। इस शादी की जानकारी डॉक्टर की पहली पत्नी ऊषा सिंह तक को नहीं थी।

फरवरी 2018 में राखी ने की दूसरी शादी
राखी के लिए डॉक्टर ने सरस्वतीपुरम, बिछिया, थाना शाहपुर गोरखपुर में एक मकान भी खरीद कर दिया था। इस बीच जब डॉक्टर की पहली पत्नी को इस शादी की जानकारी मिली तो विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद धीरे-धीरे डॉक्टर ने राखी से दूरी बनाना शुरू कर दिया। ये बात राखी को पसंद नहीं आई और उसने डॉक्टर के खिलाफ कैंट थाने में रेप का मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद राखी ने 2016 के फरवरी में बिहार के रहने वाले मनीष सिन्हा से दूसरी शादी कर ली। इस बीच आरोपी डॉक्टर का उसकी पहली पत्नी से विवाद बढ़ गया और वह एक बार फिर राखी के करीब आ गया। जब राखी डॉक्टर को ब्लेकमेल करने लगी तो उसने राखी को अपने रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और नेपाल में जाकर अपने दो कर्मचारियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।

दरअसल, राखी जून में अपने दूसरे पति मनीष के साथ नेपाल गई थी। इस दौरान राखी नेपाल में ही रुक गई और उसका पति मनीष वापस भारत आ गया। जब आरोपी डॉक्टर को इसकी जानकारी मिली तो वह अपने कर्मचारी  संतोष कुमार और देश दीपक के साथ के साथ नेपाल पहुंच गया। नेपाल के पोखरा में डॉक्टर ने राखी से मुलाकात की और व्हीं पर उसे शराब में नशीली दवा पिलाकर पहाड़ से नीचे धकेल दिया। 

Similar News