Weather: असम-मेघालय में भारी बारिश-बाढ़ से तबाही, भूस्खलन से 3 की मौत, ढाई लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

Weather: असम-मेघालय में भारी बारिश-बाढ़ से तबाही, भूस्खलन से 3 की मौत, ढाई लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

Bhaskar Hindi
Update: 2020-05-27 02:35 GMT
Weather: असम-मेघालय में भारी बारिश-बाढ़ से तबाही, भूस्खलन से 3 की मौत, ढाई लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में पूर्वोत्तर के तीन राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है। बाढ़ से 350 से अधिक गांवों के 2.50 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। दरअसल असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में लगातार हो रही बारिश से कई इलाके बाढ़ग्रस्त हो गए हैं। बाढ़ से असम के सात जिलों में करीब दो लाख लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार से बारिश हो रही है। मेघालय और अरुणाचल प्रदेश का भी यही हाल है।

असम के सात जिले हुए प्रभावित
असम में सात जिलों के 230 गांवों के लगभग दो लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों को उपकरणों के साथ 40 स्थानों पर पहले ही तैनात किया जा चुका है।

नदियां उफान पर
असम की अधिकांश नदियां जिया भराली और ब्रह्मपुत्र खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जल शक्ति मंत्रालय के केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने मंगलवार को ब्रह्मपुत्र नदी के लिए बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।

अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन, 3 की मौत
ईटानगर के अधिकारियों ने बताया, सोमवार रात दिबांग घाटी जिले के आरजू गांव में एक महिला और उसके दो बच्चों की भूस्खलन के दौरान मलबे में दबने से मौत हो गई। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश से पूरे राज्य में भूस्खलन और बाढ़ के कारण बड़े पैमाने पर तबाही मच गई है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने तीन लोगों की मौत पर गहरा शोक जताया। उन्होंने मृतकों के परिवार को तत्काल 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

मेघालय में लगातार बारिश और चक्रवाती तूफान से पहाड़ी राज्य के कुछ हिस्से प्रभावित हुए हैं, जिससे 21 गांवों में 2,000 से अधिक लोगों पर असर पड़ा है। राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री किर्मन शायला ने बताया, राज्य के पांच जिले प्रभावित हुए हैं।

इसी बीच कर्नाटक में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई।

अगले कुछ दिनों तक स्थिति गंभीर बनी रहने की संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को भी असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की थी। असम और पड़ोसी राज्यों के कई हिस्सों में पिछले सप्ताह चक्रवाती तूफान आने अम्फान आया था, तब से भारी बारिश हो रही है। असम और मेघालय में 28 मई तक भारी बारिश के अनुमान के साथ रेड अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तीनों प्रदेशों की स्थिति गंभीर बनी रहने की संभावना भी जताई है।

Tags:    

Similar News