ये कैसा ऑडिशन, लड़कियों से पूछा- 'क्या आप सेक्स जानते हो?'

ये कैसा ऑडिशन, लड़कियों से पूछा- 'क्या आप सेक्स जानते हो?'

Bhaskar Hindi
Update: 2018-02-13 06:28 GMT
ये कैसा ऑडिशन, लड़कियों से पूछा- 'क्या आप सेक्स जानते हो?'

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक रियलिटी शो के लिए हुए ऑडिशन में ऑर्गनाइजर्स ने लड़कियों से आपत्तिजनक सवाल पूछे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑडिशन के दौरान लड़कियों से पूछा गया कि "क्या आप सेक्स जानते हो?", "आपके कितने बॉयफ्रेंड हैं?" "अपने सामने खड़े लड़के को किस करिए।" इन आपत्तिजनक सवालों के बाद 100 से ज्यादा कंटेस्टेंट ने ऑर्गनाइजर्स के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किए। बवाल बढ़ता देख ऑडिशन को रोक दिया गया। बता दें कि एक प्राइवेट एंटरटेनमेंट चैनल के रियलिटी शो के लिए बेंगलुरु में ऑडिशन हो रहा था।


लड़कियों से पूछा - "क्या आप सेक्स जानते हैं?"

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्राइवेट चैनल के रियलिटी शो के लिए हो रहे इस ऑडिशन में हजारों लोगों ने पार्टिसिपेट किया था। ये ऑडिशन मल्लेश्वर में महारानी अम्मानी कॉलेज में हो रहा था। इस ऑडिशन में पार्टिसिपेट करने वाली एक लड़की ने मीडिया को बताया कि इस ऑडिशन में ऑर्गनाइजर्स आपत्तिजनक सवाल पूछ रहे हैं। उसने बताया कि ऑर्गनाइजर्स ने उनसे बेहद भद्दे सवाल किए जैसे- "क्या आप सेक्स जानते हैं?", "अपने सामने खड़े लड़के को किस करिए।" बताया जा रहा है कि इस तरह के सवालों के बाद बड़ी संख्या में युवाओं और उनके पैरेंट्स ने आकर ऑर्गनाइजर्स से सवाल किए, जिसके बाद ऑडिशन को रोक दिया गया। एक अंग्रेजी अखबार की खबर के मुताबिक, एक लड़की ने बताया कि "ऑडिशन के पहले ही राउंड में हमसे कपड़े उतारने और किस करने को कहा गया, तो अगले राउंड में क्या होता? हम इस तरह की लड़कियां नहीं है और न ही ऐसा कुछ करके हमारी रियलिटी शो में हिस्सा लेने की इच्छा है।"

अपने पास खड़े लड़के को किस करके दिखाओ

एक और फीमेल कंटेस्टेंट ने मीडिया को बताया कि "मैंने ऑडिशन में भाग लिया, तो ऑर्गनाइजर्स ने मुझसे पूछा कि आप क्या जानते हो? मैंने कहा कि मुझे म्यूजिक और डांस आता है। इस पर उन्होंने कहा कि ये कोई डांस रियलिटी शो नहीं है।" लड़की ने आगे बताया कि "ऑर्गनाइजर्स ने उससे पूछा कि आपके कितने बॉयफ्रेंड हैं? कितने लवर हैं? तो मैंने कहा मेरा कोई लवर नहीं है, मेरे सिर्फ दोस्त हैं। इसके बाद उन्होंने दोबारा मुझसे पूछा कि आपका कोई बॉयफ्रेंड क्यों नहीं है? क्या आप सेक्स जानती हैं? अपने पास खड़े लड़के को किस करके दिखाइए। अगर आप हमारे सामने ड्रेस बदलती हैं, तो आपको डायरेक्ट सेकंड राउंड में भेज दिया जाएगा।" उस लड़की ने बताया कि इन भद्दे सवालों से उसे गुस्सा आ गया और वो ऑडिशन से बाहर आ गई।

जो पास नहीं हुए, वो ही सवाल उठा रहे हैं

वहीं ऑर्गनाइजर्स की तरफ से ऊषा गौड़ ने मीडिया को सफाई देते हुए कहा कि "ये आरोप उन्हीं लड़कियों ने लगाए हैं, जो इस ऑडिशन में पास नहीं हो पाई हैं। हमने किसी भी लड़की से इस तरह के सवाल नहीं किए।" ऊषा ने आगे कहा कि "कुछ लड़कियों ने ये तक कहा कि वो कुछ भी करने को तैयार हैं। तो हो सकता है कि उन्हें टेस्ट करने के लिए ऐसे कुछ सवाल पूछे गए हैं।"

Similar News