गुरुग्राम: दर्जनों दबंगों ने मुस्लिम परिवार को लाठी-डंडों से पीटा, बढ़ाई गई सुरक्षा

गुरुग्राम: दर्जनों दबंगों ने मुस्लिम परिवार को लाठी-डंडों से पीटा, बढ़ाई गई सुरक्षा

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-23 05:58 GMT
गुरुग्राम: दर्जनों दबंगों ने मुस्लिम परिवार को लाठी-डंडों से पीटा, बढ़ाई गई सुरक्षा

डिजिटल डेस्क, गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में होली के दिन मामूली विवाद को लेकर दर्जनों युवकों ने एक मुस्लिम परिवार पर हमला कर दिया। दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों सहित पूरे परिवार को लाठी, डंडों से रॉड से पीटा। कुछ लोगों ने घर में पत्थरबाजी भी की। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि अब पीड़ित परिवार के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

 

 

क्रिकेट खेलने को लेकर हुई झड़प
दरअसल ये पूरा मामला गुरुवार का बताया जा रहा है। गुरुग्राम के भोंडसी इलाके में दर्जनों लोगों का समूह एक मुस्लिम परिवार के घर में घुस गया और परिवार के सदस्यों को रॉड, हॉकी स्टिक से बेरहमी से पीटने लगा। वहीं कुछ लोग घर पर पत्थबाजी भी करने लगे। पुलिस का कहना है कि, दोनों गुटों के बीच होली के दौरान क्रिकेट मैच को लेकर झड़प शुरू हुई थी। वहीं, पीड़ित परिवार का कहना है यह योजनाबद्ध तरीके से किया गया हमला था। परिवार ने दावा किया है कि हमलावरों को एक हिंदुवादी समूह का समर्थन मिला था। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी को हत्या की कोशिश में आरोपी बनाया गया है।

 


नशे में थे युवक
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि, 10 से 15 लोग घर के बरामदे में परिवार के पुरुष सदस्यों को लाठी-डंडों और रॉड से पीट रहे हैं। वहीं महिलाएं उन्हें छोड़ने की गुहार लगाती नजर आ रही हैं। उनके चीख-पुकार की आवाज वीडियो में सुनी जा सकती है। 

घर में घुसकर पीटा, बाहर से बरसाए पत्थर
एक पीड़ित के मुताबिक, नशे में धुत्त करीब छह-सात लोगों ने उसके परिवार के सदस्यों से कहा कि वे सड़क पर क्रिकेट न खेलें, लेकिन परिवार ने क्रिकेट खेलना जारी रखा। इसके बाद करीब दर्जनों लोग जमा हो गए और फिर परिवार पर रॉड, हॉकी स्टिक, पाइप से हमला कर दिया। खुद को बचाने की कोशिश में पीड़ित परिवार के सदस्य अपने घर में घुस गए, लेकिन कुछ हमलावर घर में जबरदस्ती घुस गए और उन्हें पीटने लगे। जो लोग बाहर थे उन्होंने घर पर पत्थर बरसाए। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस घटना में महिलाओं व बच्चों समेत परिवार के 12 से ज्यादा लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 


केजरीवाल ने पीएम पर साधा निशाना
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस वीडियो को ट्वीट किया और इसे धर्म से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता के लिए ये सब करवा रहे हैं, हिटलर के रास्ते चल रहे हैं। पर मोदी समर्थकों को दिखाई नहीं देता कि हमारा भारत किधर जा रहा है?

 

 

केजरीवाल ने ट्वीट में कहा, ये वीडियो देखिए। हमारे कौन से ग्रंथ में लिखा है मुसलमानों को मारो? गीता में? रामायण में? हनुमान चालिसा में? ये लोग हिंदू नहीं हैं, हिंदुओं के वेष में गुंडे हैं. इनकी पार्टी लुच्चे, लफ़ंगे, गुंडों की फ़ौज है। इनसे देश और हिंदू धर्म दोनों को बचाना हर भारतवासी का फ़र्ज़ है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियो के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है।


पीएम हिटलर के रास्ते पर चल रहे
केजरीवाल ने कहा, हिटलर भी सत्ता के लिए यही करता था। हिटलर के गुंडे लोगों को पीटते थे, उनका ख़ून करते थे और पुलिस जिन्हें मारा, उन्हीं के खिलाफ केस करती थी। मोदी जी भी ये सत्ता के लिए करवा रहे हैं, हिटलर के रास्ते चल रहे हैं। पर मोदी समर्थकों को दिखाई नहीं देता कि हमारा भारत किधर जा रहा है?।

Tags:    

Similar News