कांगड़ा में बोले पीएम मोदी- दीमक है कांग्रेस, सफाया करना जरूरी

कांगड़ा में बोले पीएम मोदी- दीमक है कांग्रेस, सफाया करना जरूरी

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-04 02:39 GMT
कांगड़ा में बोले पीएम मोदी- दीमक है कांग्रेस, सफाया करना जरूरी

डिजिटल डेस्क, शिमला। हिमाचल प्रदेश में पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कांगड़ा में एक चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस को दीमक बताया है, जो अंदर ही अंदर देश को खोखला कर रही है। उन्होंने कहा कि इस दीमक का पूरी तरह सफाया करने की जरूरत है। पीएम मोदी ने इस दौरान खुद को सरदार पटेल का चेला बताया और कहा कि कांग्रेस कुछ भी कर लें वे रूकने वाले नहीं है।

8 नवंबर को नोटबंदी के एक साल पूरे होने पर कांग्रेस देशभर में विरोध प्रदर्शन करने वाली है। इस प्रदर्शन पर उन्होंने कहा, "कांग्रेस 8 नवंबर को मेरे पुतले फूंकेगी, क्योंकि मैं भ्रष्टाचार से लड़ रहा हूं, लेकिन पुतलें फूंककर ये लोग मुझे रोक नहीं पाएंगे। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस हिमाचल चुनाव में पहले ही हार मान चुकी है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हिमाचल प्रदेश में प्रचार नहीं कर रहे हैं और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को उनकी किस्मत के भरोसे छोड़ दिया है।"

बता दें कांगड़ा कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। क्योंकि यहां की 15 में से 10 सीटों पर कांग्रेस का ही कब्जा है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में करीब 12 लाख वोटर्स हैं। पिछले चुनावों में कांग्रेस को यहां पर 10 और बीजेपी को 3 सीटें मिली थीं। बीजेपी हर हाल में यहां पर अपनी पैठ बनाना चाहती है और ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतना चाहती है। अगर प्रदेश में सरकार बनानी है, तो यहां अच्छा प्रदर्शन करना जरूरी है। 

सोमवार से राहुल संभालेंगे कमान

अपना सारा ध्यान गुजरात पर लगा रहे कांग्रेस वाइस प्रेसिडेंट राहुल गांधी सोमवार यानी 6 नवंबर से हिमाचल प्रदेश का रुख करेंगे। हिमाचल कांग्रेस का कहना है कि कांग्रेस प्रेसिडेंट सोनिया गांधी प्रचार में शामिल नहीं होंगी, लेकिन राहुल गांधी सोमवार को रैलियां करने वाले हैं। राहुल 6 नवंबर को पोंटा साहिब, नागरोटा और चंबा में रैलियों को एड्रेस करेंगे। इसके बाद राहुल दोबारा से 3 और रैलियां करने के लिए हिमाचल का दौरा करेंगे। 

हिमाचल में कब है चुनाव? 
 
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की सभी 68 सीटों के लिए वोटिंग 9 नवंबर को की जाएगी, जबकि नतीजे 18 दिसंबर को गुजरात चुनाव के साथ-साथ डिक्लेयर किए जाएंगे। इस बार के विधानसभा चुनाव में सभी बूथ पर VVPAT मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा। हिमाचल में चुनाव के लिए 7,521 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। साथ ही हिमाचल में कैंडिडेट 28 लाख रुपए तक ही खर्च कर सकते हैं।

Similar News