घर वापसी: विदेश में फंसे लोगों को वापस लाएगी सरकार, 12 देशों में भेजी जाएंगी 60 से ज्यादा स्पेशल फ्लाइट

घर वापसी: विदेश में फंसे लोगों को वापस लाएगी सरकार, 12 देशों में भेजी जाएंगी 60 से ज्यादा स्पेशल फ्लाइट

Bhaskar Hindi
Update: 2020-05-05 10:05 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कोरोनवायरस लॉकडाउन के चलते दुनियाभर में फंसे अपने हजारों नागरिकों को वापस लाने के लिए भारत स्पेशल फ्लाइट भेजेगा। 7 मई से चरणबद्ध तरीके से 12 देशों में 60 से ज्यादा विशेष फ्लाइट भेजी जाएंगी। सरकार की हर दिन करीब 2000 लोगों को लाने की योजना है। भारत सरकार ने देश लौटने के इच्छुक लोगों को रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कहा है। इन लोगों को वापस भारत लौटने के लिए कोरोना टेस्ट कराना जरूरी होगा।

इन देशों में भेजी जाएंगी फ्लाइट
विदेश मंत्रालय (MEA) के फ्लाइट प्लान के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत, ओमान, मलेशिया, यूके, सिंगापुर, बांग्लादेश, फिलीपींस और अमेरिका में फंसे लगभग 14,800 से अधिक भारतीयों को लाने कि लिए 64 फ्लाइट भेजी जाएंगी। ये स्पेशल फ्लाइट एयर इंडिया और इसकी सहायक एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित करेगी। 7 मई को 10 विमानों से 2300 लोग लाए जाएंगे। दूसरे दिन 9 देशों से करीब 2050 भारतीय चेन्नई, कोच्चि, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरू और दिल्ली पहुंचेंगे। तीसरे दिन 13 देशों से 2050 भारतीय मुंबई, कोच्चि, लखनऊ और दिल्ली आएंगे। चौथे दिन 8 देशों से 1850 भारतीयों की वतन वापसी होगी। पांचवे दिन 9 देशों से 2200, छठे दिन 11  देशों के 2500 और सातवे दिन 8 देशों से करीब 1850 भारतीय नागरिकों की वापसी होगी।

इन शर्तों का करना होगा पालन
लोगों को लाने के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोटोकाल बनाया गया है। ऑपरेशन के दौरान इस प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। देश लौटने के इच्छुक लोगों को रजिस्ट्रेशन कराना होगा। भारत सरकार ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन फॉर्म जारी किया है। अधूरे फॉर्म स्वीकर नहीं होंगे। विमान में बैठने से पहले सभी को अंडरटेकिंग की कॉपी अपने पास रखनी होगी। सभी लोगों को कोराना वायरस का टेस्ट अपने खर्च पर कराना होगा और भारत आने पर 14 दिनों के लिए क्वारनटीन रहना होगा। क्वारनटीन में रहने के लिए आने वाला खर्च और फ्लाइट का किराया यात्रियों को खुद उठाना होगा।

फरवरी-मार्च से फ्लाइट ऑपरेशन बंद
बता दें कि कोविड-19 महामारी को फैलने से रोकने के लिए लगभग सभी देशों ने अपने फ्लाइट ऑपरेशन फरवरी और मार्च में बंद कर दिए थे। फ्लाइट ऑपरेशन बंद होने से यात्री अलग-अलग देशों में फंसे हुए हैं। इसके अलावा तमाम देशों ने लॉकडाउन भी लगाया है।  भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार 24 मार्च को रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करते हुए कोरोना वायरस की वैश्विक महामारी को रोकने के लिए पूरे देश में 21 दिनों के "लॉकडाउन" की घोषणा की थी। 21 दिनों के लॉकडाउन का पार्ट-1 पूरा होने के बाद इसे 19 दिनों दिनों के लिए बढ़ाकर 3 मई  कर दिया गया था। अभी लॉकडाउन का तीसरा फेज चल रहा है जो 17 मई को खत्म होगा।

 

Flight Plan for Return of I... by Express Web on Scribd

Full View

 

Tags:    

Similar News